Samsung Galaxy S26 FE को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार लीक्स सामने आ रहे हैं। अब टिप्स्टर Roland Quandt ने इस स्मार्टफोन के कथित हाई-रेजोल्यूशन रेंडर्स शेयर किए हैं। इन तस्वीरों में फोन का डिजाइन, कैमरा सेटअप और कलर ऑप्शन देखने को मिले हैं। हालांकि, Samsung ने अभी तक Galaxy S26 FE की आधिकारिक लॉन्च डेट या डिजाइन की पुष्टि नहीं की है।
Galaxy S26 FE के संभावित स्पेसिफिकेशन
दो कलर ऑप्शन में दिखा फोन
लीक हुए रेंडर्स के मुताबिक Samsung Galaxy S26 FE को Gray और Mint कलर ऑप्शन में पेश किया जा सकता है। फोन के फ्रंट में फ्लैट डिस्प्ले दिया गया है, जिसके चारों तरफ काफी पतले बेजल्स दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, नीचे का बेजल बाकी तीनों किनारों की तुलना में थोड़ा मोटा नजर आता है। डिजाइन को पिछले Fan Edition मॉडल की तुलना में काफी हद तक परिचित रखा गया है।
नया कैमरा डिजाइन आएगा नजर
Galaxy S26 FE के रियर पैनल पर ट्रिपल कैमरा सेटअप दिया जा सकता है। तीनों कैमरा सेंसर वर्टिकल तरीके से लगाए गए हैं, लेकिन इस बार कैमरों का डिजाइन Galaxy S25 FE से अलग दिखाई देता है। लीक रेंडर्स में तीनों लेंस एक उभरे हुए पिल-शेप कैमरा आइलैंड के अंदर नजर आ रहे हैं। Galaxy S25 FE में कैमरा लेंस अलग-अलग रिंग के साथ रियर पैनल पर दिखाई देते थे। यह नया कैमरा डिजाइन हाल ही में सामने आए कथित हैंड्स-ऑन वीडियो में भी देखने को मिला था और इसका लुक Galaxy S25 Edge के कैमरा डिजाइन से मिलता-जुलता बताया जा रहा है।
Galaxy S26 FE के संभावित स्पेसिफिकेशन
लीक्स के अनुसार Samsung Galaxy S26 FE में 6.7 इंच का Dynamic AMOLED 2X डिस्प्ले मिल सकता है। स्क्रीन में 2,340x1,080 पिक्सल रेजोल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट दिया जा सकता है। डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस हाई-ब्राइटनेस मोड में 1,900 निट्स तक होने की बात कही गई है। परफॉर्मेंस के लिए फोन में Samsung का Exynos 2500 प्रोसेसर मिल सकता है। इसके साथ 8GB RAM और 256GB तक की इंटरनल स्टोरेज दिए जाने की संभावना है।
50MP कैमरा और 4,900mAh बैटरी
फोटोग्राफी के लिए Galaxy S26 FE में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिल सकता है। इसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा, 8MP टेलीफोटो सेंसर और एक अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस शामिल होने की उम्मीद है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 12MP का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। पावर बैकअप के लिए Samsung Galaxy S26 FE में 4,900mAh की बैटरी होने की बात सामने आई है। यह बैटरी 45W वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट कर सकती है।
इतनी हो सकती है कीमत
कीमत को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक Samsung Galaxy S26 FE की यूरोप में शुरुआती कीमत EUR 799 हो सकती है, जो भारत में करीब 88,000 रुपये के बराबर है। हालांकि, भारत में फोन की वास्तविक कीमत इससे अलग हो सकती है। फिलहाल Samsung ने Galaxy S26 FE की कीमत, लॉन्च डेट और अन्य जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
