सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Reddit ने अपने एक ही फीचर से तमाम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को धराशायी कर दिया है। Reddit अब अपने यूजर्स के लिए एक नया AI फीचर लाने की तैयारी कर रहा है। इस फीचर की मदद से Reddit पोस्ट को ऑडियो और वीडियो फॉर्मेट में बदला जा सकेगा यानी यूजर्स किसी पोस्ट को पढ़ने के बजाय उसे पॉडकास्ट की तरह सुन सकेंगे या एक्सप्लेनर वीडियो के रूप में देख सकेंगे। कंपनी फिलहाल इस फीचर की टेस्टिंग कर रही है और इसे अभी सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं कराया गया है।
Reddit पोस्ट को AI आवाज में सुन सकेंगे यूजर्स
Reddit पोस्ट को AI आवाज में सुन सकेंगे यूजर्स
नए AI फीचर के जरिए Reddit पर मौजूद टेक्स्ट पोस्ट को नैरेशन वाले ऑडियो कंटेंट में बदला जा सकेगा। इसका अनुभव किसी पॉडकास्ट जैसा हो सकता है, जहां AI पोस्ट में मौजूद जानकारी को आवाज के जरिए यूजर्स तक पहुंचाएगा। इसके अलावा कंपनी पोस्ट को वीडियो के रूप में पेश करने की सुविधा पर भी काम कर रही है।
फीचर उपलब्ध होने पर किसी पोस्ट के साथ यूजर्स को 'Read' या 'Play' जैसे विकल्प दिखाई दे सकते हैं। 'Play' विकल्प चुनने पर पोस्ट को पढ़कर सुनाया जा सकता है। इससे उन यूजर्स को फायदा मिल सकता है जो लंबे टेक्स्ट को पढ़ने के बजाय उसे सुनना पसंद करते हैं।
दूसरे प्लेटफॉर्म पर जा रहा Reddit का कंटेंट
Reddit के CEO Steve Huffman ने जुलाई में कंपनी की दूसरी तिमाही की अर्निंग्स कॉल के दौरान इस AI फीचर की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि कंपनी ने देखा है कि लोग पहले से ही Reddit की पोस्ट को उठाकर दूसरे प्लेटफॉर्म पर पॉडकास्ट और वीडियो कंटेंट में बदल रहे हैं।
TikTok, YouTube Shorts और Instagram Reels जैसे प्लेटफॉर्म पर कई क्रिएटर्स Reddit की पोस्ट को टेक्स्ट-टू-स्पीच तकनीक की मदद से वीडियो में बदलकर शेयर करते हैं। ऐसे में Reddit का कंटेंट दूसरे प्लेटफॉर्म पर पहुंच जाता है, जबकि यूजर्स उसे देखने के लिए Reddit पर वापस नहीं आते।
यूजर रिटेंशन बढ़ाना चाहती है कंपनी
Reddit के लिए यह AI फीचर सिर्फ नया कंटेंट फॉर्मेट देने तक सीमित नहीं है। कंपनी इसके जरिए यूजर रिटेंशन बढ़ाना चाहती है। अगर Reddit की लोकप्रिय पोस्ट को ऑडियो या वीडियो के रूप में उसी प्लेटफॉर्म पर देखा और सुना जा सकेगा, तो यूजर्स को दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत कम हो सकती है।
Steve Huffman के मुताबिक, इंटरनेट पर Reddit के कंटेंट को पढ़कर सुनाने वाले पॉडकास्ट जैसे कंटेंट का चलन बढ़ रहा है। Reddit अब इसी तरह का अनुभव अपने प्लेटफॉर्म के अंदर उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहा है।
अभी सीमित यूजर्स के साथ हो रही टेस्टिंग
Reddit ने फिलहाल इस फीचर को टेस्टिंग तक सीमित रखा है। शुरुआत में इसे सीमित संख्या में यूजर्स के साथ आजमाया जा रहा है, ताकि कंपनी यह समझ सके कि लोग इस सुविधा को कितना पसंद करते हैं और इसका इस्तेमाल किस तरह करते हैं।
शुरुआती टेस्ट iOS और Android स्मार्टफोन पर किए जा रहे हैं, हालांकि Reddit ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि AI से तैयार किए गए ऑडियो और वीडियो फीचर को सभी यूजर्स के लिए कब जारी किया जाएगा। टेस्टिंग के नतीजों के आधार पर कंपनी इसमें बदलाव करने के बाद इसका व्यापक रोलआउट कर सकती है।
