5G Launch In India: एक अक्टूबर शनिवार को इंडियन मोबाइल कांग्रेस (IMC) के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधिकारिक तौर पर भारत में 5G मोबाइल सेवाओं की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस समारोह में यहां मुकेश अंबानी, सुनील भारती मित्तल और कुमार मंगलम बिड़ला जैसे बडे़ उद्योगपति भी मौजूद रहेंगे।
इस दिन भारत में लॉन्च होगा 5G
इंडस्ट्री सोर्सेज के मुताबिक, भारती एयरटेल और रिलायंस जियो की 5G सेवाएं प्रधान मंत्री द्वारा शुरू की जाने वाली पहली सेवाएं होंगी। हालांकि, इन्हें कुछ ही शहरों में लॉन्च किया जाएगा।
आपको बता दें कुछ समय पहले ही एयरटेल के सीईओ गोपाल विट्टल ने अपने ग्राहकों को मेल के जरिए भेजे गए लेटर में लिखा था कि कुछ ही हफ्तों हमारी 5G सेवाएं भारत में शुरू होने वाली हैं। इस लेटर में एयरटेल के सीईओ ने ये भी कहा था कि ग्राहकों को नया सिम खरीदने की जरूरत नहीं होगी। पुराने सिम में ही 5G चलता रहेगा।
इसी तरह अगस्त में रिलायंस एजीएम के दौरान रिलायंस इंडस्ट्री के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने भी ये कहा था कि दिसंबर 2023 तक भारत के शहर तक जियो की 5G सेवाएं पहुंच जाएंगी। कंपनी देशभर में 5G नेटवर्क पहुंचाने के लिए 2 लाख करोड़ इन्वेस्ट कर रही है।
उम्मीद है कि IMC इवेंट के दौरान तीनों ही उद्योगपतियों- मुकेश अंबानी, सुनील भारती मित्तल और कुमार मंगलम बिड़ला द्वारा 5G के रोडमैप पर बात रखी जाएगी। आपको बता दें कि जुलाई-अगस्त के महीने में 5G स्पेक्ट्रम की नीलामी रखी गई थी। इसमें सबसे ज्यादा स्पेक्ट्रम जियो द्वारा ही खरीदे गए थे।
जहां तक 5G की बात है तो शुरुआत में इसे दिल्ली, मुंबई और कलकत्ता जैसे महानगरों में उपलब्ध कराया जाएगा। धीरे-धीरे इसका विस्तार देश के बाकी हिस्सों में किया जाएगा। ग्राहकों को 5G सेवाओं का आनंद लेने के लिए नए 5G फोन की जरूरत होगी।
