आजकल फिल्में और वेब सीरीज देखने के लिए कई OTT प्लेटफॉर्म मौजूद हैं। Netflix और JioHotstar भी ऐसे ही लोकप्रिय प्लेटफॉर्म हैं। हालांकि, इन पर पसंदीदा कंटेंट देखने के लिए सब्सक्रिप्शन लेना पड़ता है। ऐसे में कई लोग कम कीमत वाला प्लान चुनना चाहते हैं, जिससे स्मार्ट टीवी पर भी फिल्में और शो देख सकें।
नेटफ्लिक्स और जियो हॉटस्टार दोनों के ही पास अपने यूजर्स के लिए कई तरह के अफोर्डेबल प्लान्स मौजूद हैं।
अगर आप भी नया OTT सब्सक्रिप्शन लेने की सोच रहे हैं, तो Netflix और JioHotstar के सस्ते प्लान की तुलना करना जरूरी है। दोनों प्लेटफॉर्म की कीमत, वीडियो क्वालिटी और एक साथ इस्तेमाल किए जा सकने वाले डिवाइस की संख्या अलग-अलग है। आइए जानते हैं कि कम बजट में कौन सा प्लेटफॉर्म ज्यादा फायदे देता है।
JioHotstar का Super प्लान:
JioHotstar का Super प्लान उन लोगों के लिए अच्छा विकल्प है, जो कम खर्च में स्मार्ट टीवी पर फिल्में और वेब सीरीज देखना चाहते हैं। इस प्लान की कीमत 149 रुपये प्रति महीने है। वहीं, इसका सालाना सब्सक्रिप्शन 1,099 रुपये में मिलता है। अगर आप सालभर का प्लान लेते हैं, तो हर महीने का खर्च करीब 92 रुपये आएगा। इस प्लान में एक साथ दो डिवाइस पर कंटेंट देखने की सुविधा मिलती है। साथ ही, स्मार्ट टीवी पर भी स्ट्रीमिंग की जा सकती है।
वीडियो क्वालिटी की बात करें तो इसमें 1080p Full HD तक का सपोर्ट मिलता है। यानी आप अच्छी पिक्चर क्वालिटी में अपने पसंदीदा शो और फिल्में देख सकते हैं। हालांकि, इस प्लान में विज्ञापन भी दिखाए जाते हैं।
JioHotstar पर हॉलीवुड फिल्मों और शोज के अलावा भारतीय फिल्मों, सीरीज और दूसरे मनोरंजक कार्यक्रमों का भी आनंद लिया जा सकता है। ध्यान देने वाली बात यह है कि इसका 79 रुपये वाला Mobile प्लान स्मार्ट टीवी पर काम नहीं करता।
Netflix का सबसे सस्ते टीवी प्लान की कीमत?
Netflix पर स्मार्ट टीवी में फिल्में और वेब सीरीज देखने के लिए Basic प्लान सबसे सस्ता विकल्प है। इसकी कीमत 199 रुपये प्रति महीने है। इस प्लान की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें विज्ञापन नहीं आते। यानी आप बिना किसी रुकावट के फिल्में और वेब सीरीज देख सकते हैं। लेकिन इसमें एक समय पर केवल एक ही डिवाइस पर स्ट्रीमिंग की सुविधा मिलती है।
वीडियो क्वालिटी की बात करें तो Netflix Basic प्लान में 720p HD तक का रिजॉल्यूशन मिलता है। अगर आपके पास Full HD या 4K स्मार्ट टीवी है, तो भी इस प्लान में आपको उस टीवी की बेहतर वीडियो क्वालिटी का पूरा फायदा नहीं मिलेगा।
Netflix में सालाना सब्सक्रिप्शन का विकल्प नहीं है। ऐसे में अगर आप 12 महीने तक Basic प्लान लेते हैं, तो कुल 2,388 रुपये खर्च करने होंगे। वहीं, इसका 149 रुपये वाला Mobile प्लान स्मार्ट टीवी पर इस्तेमाल नहीं किया जा सकता।
Netflix या JioHotstar: कम खर्च में कौन सा है बेहतर?
अगर आपका बजट कम है और आप स्मार्ट टीवी पर ज्यादा कंटेंट देखना चाहते हैं, तो JioHotstar का Super प्लान ज्यादा किफायती साबित हो सकता है। JioHotstar का सालाना प्लान 1,099 रुपये में मिलता है, जबकि Netflix Basic का इस्तेमाल 12 महीने तक करने के लिए 2,388 रुपये खर्च करने पड़ते हैं। इस तरह दोनों के सालाना खर्च में 1,289 रुपये का अंतर है।
इसके अलावा JioHotstar Super में 1080p Full HD वीडियो क्वालिटी और एक साथ दो डिवाइस पर स्ट्रीमिंग की सुविधा मिलती है। दूसरी तरफ Netflix Basic उन लोगों के लिए बेहतर है, जिन्हें बिना विज्ञापन के फिल्में और वेब सीरीज देखना पसंद है।
