Microsoft ने अपनी Microsoft 365 सर्विस को बेहतर और भरोसेमंद बनाने के लिए ‘कोड रेड’ घोषित किया है। Reuters की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने 12 नवंबर को हुए बड़े आउटेज के बाद यह कदम उठाया है। इसका मतलब है कि अब Microsoft 365 की सर्विस को ठीक रखना कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।
कंपनी ने साफ किया कि इस आउटेज के पीछे न तो कोई साइबर अटैक था।
दरअसल, 12 नवंबर को Microsoft की कई सर्विस करीब 24 घंटे तक प्रभावित रही थीं। इसकी वजह से अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान समेत कई देशों के यूजर्स को परेशानी हुई। कई लोगों का ईमेल काम नहीं कर रहा था और कई लोग अपना अकाउंट भी एक्सेस हीं कर पा रहे थे। आउटेज इतना बड़ा था कि ट्रेडिंग कंपनियों के काम में देरी हुई और एयरलाइंस के कम्युनिकेशन पर भी असर पड़ा।
Microsoft अब इस बात की जांच कर रही है कि तकनीकी खराबी का पता लगाने, बड़े आउटेज को संभालने और सर्विस को जल्द से जल्द दोबारा शुरू करने के तरीके में क्या बदलाव किए जा सकते हैं।
Windows की तकनीकी खराबी बनी आउटेज की वजह
Microsoft के मुताबिक, इस आउटेज की वजह Windows में मौजूद एक तकनीकी खामी थी। यह खामी सिस्टम पर ज्यादा लोड पड़ने से जुड़ी थी और जुलाई में आई थी, लेकिन कई महीनों तक किसी की नजर इस पर नहीं गई। कंपनी ने साफ किया कि इस परेशानी के पीछे न तो कोई साइबर अटैक था और न ही AI एजेंट की गलती। Microsoft के CEO सत्या नडेला ने भी इस घटना के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी। इस आउटेज का असर Exchange Online, Outlook, Teams और Copilot AI असिस्टेंट जैसी कई सर्विस पर पड़ा था।
कंपनी ने माना इतिहास का सबसे बड़ा आउटेज
Microsoft 365 Core के प्रेसिडेंट जेसन हेंडरसन ने शुक्रवार को कर्मचारियों को भेजे एक मेमो में इस घटना को Exchange Online के इतिहास का सबसे गंभीर सर्विस आउटेज बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरान बड़ी संख्या में ग्राहक लंबे समय तक अपने ईमेल का इस्तेमाल नहीं कर पाए। हेंडरसन ने अपने मेमो में लिखा कि 'कोड रेड' का मतलब है कि यह काम हमारी टीम की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
वहीं, Microsoft 365 Core और Work IQ की जिम्मेदारी संभाल रहीं कंपनी की कॉर्पोरेट वाइस प्रेसिडेंट अमांडा सिल्वर ने भी आउटेज के दौरान आई दिक्कतों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब इंजीनियर इस समस्या को समझने और ठीक करने में लगे थे, तब उनके सामने कई तरह की परेशानियां थीं। इस दौरान 11 अलग-अलग Teams चैट में 11 हजार से ज्यादा मैसेज भेजे गए।
लेकिन दिक्कत यह थी कि जरूरी जानकारी अलग-अलग ट्रैकिंग सिस्टम में बंटी हुई थी। ऐसे में इंजीनियरों को यह समझने में परेशानी हो रही थी कि कौन-सी तकनीकी जानकारी कहां मौजूद है और अब तक क्या फैसले लिए गए हैं।
खराबी को पकड़ने में हुई बड़ी चूक
अमांडा सिल्वर ने Microsoft के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट चार्ल्स लामन्ना की एक टिप्पणी का भी जिक्र किया। वह Copilot, Agents और Platform से जुड़े काम देखते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, एक समीक्षा बैठक में उन्होंने कहा था कि जिस सिस्टम में खराबी आई, उसमें करीब 10 साल में जितनी गलतियां स्वीकार्य मानी जाती हैं, उतनी गलतियां हो चुकी थीं। इससे पता चलता है कि कंपनी के सामने सिर्फ आउटेज ठीक करने की ही नहीं, बल्कि सिस्टम की पुरानी कमियों को पहचानने की भी बड़ी चुनौती है।
अब एक घंटे के अंदर ठीक करनी होगी बड़ी खराबी
‘कोड रेड’ के तहत Microsoft ने काम के पांच बड़े क्षेत्र तय किए हैं। इनमें सिस्टम पर ज्यादा लोड पड़ने की स्थिति को संभालना, अलग-अलग क्षेत्रों में ट्रैफिक को बांटना और सर्विस को जल्दी दोबारा शुरू करने वाले टूल को बेहतर बनाना शामिल है। कंपनी ने लक्ष्य रखा है कि भविष्य में दुनिया भर में होने वाली बड़ी सर्विस खराबी को एक घंटे के अंदर ठीक किया जाए।
इसके लिए Microsoft AI एजेंट की भी मदद लेने की योजना बना रही है। ये AI एजेंट सिस्टम से जुड़े डेटा को जांचने और खराबी की असली वजह जल्दी पता लगाने में इंजीनियरों की मदद करेंगे।
सॉफ्टवेयर अपडेट भी तेजी से पहुंचाने की तैयारी
Microsoft अब इस बात पर भी ध्यान दे रही है कि जरूरी सॉफ्टवेयर अपडेट दुनियाभर के यूजर्स तक कितनी जल्दी पहुंचते हैं। Reuters के हाथ लगे एक पुराने मेमो में जेसन हेंडरसन ने बताया था कि कुछ जरूरी अपडेट यूजर्स तक पहुंचने में काफी समय ले रहे हैं। उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि एक जरूरी प्रोडक्शन फिक्स को दुनियाभर के यूजर्स तक पहुंचने में पांच से छह दिन लग गए थे। अब कंपनी का लक्ष्य है कि सबसे जरूरी सिक्योरिटी खामी की पहचान होने से लेकर उसका सुरक्षित अपडेट दुनियाभर में लागू करने तक का पूरा काम एक घंटे के अंदर हो जाए।
