WhatsApp Latest News: इंस्टैंट मैसेजिंग (त्वरित रूप से संदेश भेजने की सुविधा) ऐप व्हाट्सऐप ने अक्टूबर, 2022 में 23.24 लाख भारतीय खातों पर रोक लगाई है। रोचक बात है कि इनमें से 8.11 लाख खाते ऐसे हैं, जिनके बारे में यूजर्स ने किसी प्रकार की कोई शिकायत नहीं की थी। फिर भी उनके खिलाफ एक्शन लिया गया। कंपनी की ओर से कहा गया कि इन खातों पर सतर्कता के लिहाज से रोक लगाई गई।
तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल फोटो)
व्हाट्सऐप ने सूचना प्रौद्योगिकी नियम 2021 के तहत अक्टूबर 2022 की भारत के बारे में मासिक रिपोर्ट में बताया, ‘‘एक अक्टूबर, 2022 से 31 अक्टूबर 2022 तक 2,324,000 वॉट्सऐप खातों पर रोक लगाई गई, जिनमें से 811,000 खाते ऐसे हैं जिन पर सतर्कता के लिहाज से रोक लगाई गई है। हालांकि उनके बारे में किसी उपयोगकर्ता ने शिकायत नहीं की थी। भारतीय खातों को +91 से शुरू होने वाले फोन नंबर से पहचाना जाता है।’’
वैसे, यह पहला मौका नहीं है जब व्हाट्सऐप ने इस तरह का कदम उठाया हो। इससे पहले, सितंबर 2022 में व्हाट्सऐप ने 26.85 लाख खातों पर रोक लगा दी थी। सख्त आईटी नियम बीते साल अमल में आए थे, जिनके तहत बड़े डिजिटल मंचों (जिनके 50 लाख से अधिक उपयोगकर्ता हैं) को हर महीने अनुपालन रिपोर्ट देना जरूरी है। इनमें शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई का विवरण होता है।
हालिया रिपोर्ट के मुताबिक व्हाट्सऐप को सितंबर में 701 शिकायतें मिली जिनमें से केवल 34 पर कार्रवाई की गई। कुल शिकायतों में से 550 खातों पर रोक लगाने के अनुरोध वाली थीं।
