टेक्नोलॉजी के दौर में वॉट्सऐप आज सबसे बड़ा इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है। करीब 5 बिलियन लोग हर दिन इस ऐप्लिकेशन का इस्तेमाल अलग-अलग कामों के लिए करते हैं। इस इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप ने हमारे कई सारे कामों को बेहद आसान बना दिया है। हालांकि अब इस प्लेटफॉर्म के जरिए साइबर क्रिमिनल्स लोगों को ठगी का शिकार भी बना रहे हैं। ऐसे में आपको कुछ बातों का जरूर ध्यान रखना चाहिए ताकि आपकी पर्सनल चैट्स, फोटो, वीडियो और प्राइवेसी मेंटेन रहे।
वॉट्सऐप अपने यूजर्स की सेफ्टी के लिए कई तरह के फीचर्स देता है। (फोटो क्रेडिट-Digit)
आजकल ऑनलाइन ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ठग कभी सरकारी अधिकारी बनकर, तो कभी किसी कंपनी या आपके जान-पहचान वाले व्यक्ति के नाम पर मैसेज और कॉल करते हैं। कई बार वे फर्जी OTP भेजकर या पैसे की जल्दी करने का दबाव बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं। ऐसे में WhatsApp ने अपने प्लेटफॉर्म में यूजर्स की सेफ्टी के लिए कुछ बेहद कमाल के फीचर्स दिए हैं। इन लेटेस्ट फीचर्स का फायदा लेकर आप फर्जी कॉल, संदिग्ध मैसेज और अकाउंट हैक होने जैसे खतरों से बच सकते हैं। आइए आपको वॉट्सऐप पर मिलने वाले कुछ कमाल के सेफ्टी फीचर्स के बारे में बताते हैं।
अनजान नंबर वाली कॉल को करें साइलेंट
WhatsApp का Silence Unknown Callers फीचर अनजान नंबरों से आने वाली कॉल को अपने आप साइलेंट कर देता है। यानी अगर कोई ऐसा व्यक्ति आपको कॉल करता है, जिसका नंबर आपके फोन में सेव नहीं है, तो फोन की घंटी नहीं बजेगी। हालांकि, ऐसी कॉल की जानकारी आपको Calls टैब और नोटिफिकेशन में मिल जाएगी। इससे बार-बार आने वाली फर्जी और परेशान करने वाली कॉल से बचना आसान हो जाता है।
Context Cards से पहचानें अनजान लोगों को
WhatsApp का Context Cards फीचर किसी अनजान नंबर या ग्रुप के बारे में जरूरी जानकारी देता है। इससे आप जान सकते हैं कि सामने वाले का नंबर आपके कॉन्टैक्ट में सेव है या नहीं, आप दोनों किन ग्रुप्स में एक साथ हैं और उसका अकाउंट नया है या विदेश में रजिस्टर्ड है। इस जानकारी से आपको समझने में मदद मिलती है कि सामने वाला व्यक्ति भरोसेमंद है या नहीं।
स्क्रीन शेयर करते समय रहें सावधान
आजकल ठग वीडियो कॉल के दौरान लोगों से मोबाइल की स्क्रीन शेयर करवाते हैं। ऐसा करके वे आपके OTP, बैंकिंग डिटेल्स और दूसरी निजी जानकारी देख सकते हैं। इस खतरे को कम करने के लिए WhatsApp ने Screenshare Warning फीचर दिया है। अगर आप किसी अनजान व्यक्ति के साथ स्क्रीन शेयर करने की कोशिश करते हैं, तो WhatsApp आपको चेतावनी देगा। इससे आप समय रहते सावधान हो सकते हैं।
Device Linking Alert को न करें नजरअंदाज
कई बार ठग चालाकी से लोगों का WhatsApp अकाउंट अपने किसी दूसरे डिवाइस से लिंक करने की कोशिश करते हैं। इससे वे आपके अकाउंट का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे मामलों से बचाने के लिए WhatsApp का Device Linking Warning फीचर मदद करता है। अगर कोई संदिग्ध डिवाइस आपके अकाउंट से लिंक होने की कोशिश करता है, तो WhatsApp आपको अलर्ट देता है। इसमें यह भी बताया जाता है कि लिंक करने की रिक्वेस्ट कहां से आई है।
Two-Step Verification जरूर चालू रखें
अपने WhatsApp अकाउंट को सुरक्षित रखने के लिए Two-Step Verification फीचर जरूर चालू करें। इसके तहत अकाउंट को दोबारा वेरिफाई या रीसेट करते समय 6 अंकों का PIN डालना जरूरी होता है। इससे अगर किसी दूसरे व्यक्ति को आपका OTP मिल भी जाता है, तो भी उसके लिए अकाउंट पर कब्जा करना आसान नहीं होगा। ध्यान रखें कि अपना PIN किसी के साथ शेयर न करें।
अनजान मैसेज और रिक्वेस्ट से रहें सावधान
अगर किसी अनजान नंबर से पैसे मांगने, OTP बताने या किसी लिंक पर क्लिक करने का मैसेज आता है, तो बिना जांच किए भरोसा न करें। अगर कोई आपका जानने वाला बनकर अचानक पैसे मांगता है, तो पहले उसे फोन करके वेरिफाई कर लें। संदिग्ध नंबर को ब्लॉक और रिपोर्ट भी कर सकते हैं।
