भारत में ट्रेन सफर करने का सबसे सरल और सस्ता साधन है। हर दिन लाखों लोग ट्रेन से सफर करते हैं। अपने यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे लगातार अपने को अपग्रेड कर रहा है। भारतीय रेलवे नई-नई टेक्नोलॉजी को अपना रही है ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की दिक्कत न हो। इस बीच यात्रियों की सहूलियत के लिए रेलवे ने एक बड़ा कदम उठाया है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग के प्रॉसेस को आसान बनाने के लिए रेलवे नई वेबसाइट लेकर आ रहा है। इस नई वेबसाइट को कई सारे नए फीचर्स से लैस किया जाएगा।
नई वेबसाइट में टिकट बुकिंग के प्रॉसेस को रेलवे बेहद आसान रखने वाला है।
अगर आप आए दिन ट्रेन से सफर करते हैं और ऑनलाइन टिकट की बुकिंग करते हैं तो बहुत जल्द आपका एक्सपीरियंस बदलने वाला है। टिकट बुकिंग के दौरान अब तक होने वाली परेशानी अब खत्म होने वाली है। भारतीय रेलवे की तरफ से जल्द ही आईआरसीटीसी की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लॉन्च करने वाला है। बता दें कि कुछ समय पहले ही रेलवे के अधिकारियों और एमएनआईटी जयपुर के स्टूडेंट ने नई वेबसाइट के बीटा वर्जन रिव्यू किया था।
रेलवे के मुताबिक छात्रों की तरफ से दिए गए सुझाव को ध्यान में रखते हुए नई वेबसाइट में कई बड़े बदलाव किए गए हैं जिससे करोड़ों लोगों को टिकट बुकिंग के दौरान पहले से बेहतर अनुभव मिलेगा।
PRS से जुड़ेगी नई वेबसाइट
नेशनल ट्रांसपोर्टर के अनुसार, नई IRCTC वेबसाइट को अभी इंडियन रेलवे के पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) इंजन के साथ जोड़ा जा रहा है। "चूंकि पैसेंजर रिज़र्वेशन इंजन को भी साथ-साथ अपग्रेड किया जा रहा है, इसलिए पूरी तरह से काम करने वाला नया IRCTC पोर्टल कुछ महीनों में उपलब्ध हो जाएगा। शुक्रवार को, IRCTC और सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) के अधिकारियों ने MNIT के छात्रों से मुलाकात की और नई IRCTC वेबसाइट का बीटा वर्शन दिखाया। अधिकारियों ने नए बीटा वर्जन के आधिकारिक लॉन्च से पहले छात्रों से और फीडबैक भी मांगा।
IRCTC की नई वेबसाइट में मिलेंगे 4 नए फीचर्स
- Captcha: नई IRCTC वेबसाइट में यूजर को बेहतर अनुभव देने के लिए अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप, चमकते ग्राफिक्स और ध्यान भटकाने वाली अन्य चीजो को हटा दिया जाएगा।
- Seat Availability: अब लोगों को रिजर्वेशन के दौरान सभी सीटों की उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी
- Faster Checkout: नई IRCTC वेबसाइट टिकट बुकिंग पूरी करने के लिए जरूरी स्टेप्स की संख्या कम कर देगी, जिससे यात्रियों के लिए रिजर्वेशन की पूरी प्रक्रिया तेज और ज्यादा सुविधाजनक हो जाएगी।
- Easier repeat booking: नई वेबसाइट में यात्रियों की जानकारी सेव रहेगी जिससे दोबारा टिकट बुकिंग के दौरान सहूलियत मिलेगी।
भारतीय रेलवे ने जानकारी दी है कि ट्रेन टिकट बुकिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले लगभग 40 साल पुराने पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (PRS) को आधुनिक बनाया जा रहा है। इस अपग्रेड की प्रक्रिया के दौरान भी सिस्टम की सेवाएं बिना रुके जारी रखी गईं। रेलवे के अनुसार, नया और बेहतर पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम जल्द ही यात्रियों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके साथ ही, रेलवे का रेलवन (RailOne) ऐप भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। ऐप के डाउनलोड 4 करोड़ से अधिक हो चुके हैं और यह देश का सबसे बड़ा रेलवे टिकट बुकिंग ऐप बन गया है। इस प्लेटफॉर्म पर यात्रियों को टिकट बुकिंग सहित भारतीय रेलवे की कई प्रमुख सेवाएं एक ही जगह पर उपलब्ध हैं।
