सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Instagram ने घोषणा की है कि वह जल्द ही डायरेक्ट मैसेज (DM) के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन (E2EE) सपोर्ट बंद करने जा रहा है। कंपनी ने अपने सपोर्ट पेज पर बताया कि यह फीचर 8 मई 2026 के बाद उपलब्ध नहीं रहेगा। इसके बाद Instagram पर एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग की सुविधा खत्म हो जाएगी।
Instagram end-to-end encryption for DMs
यूजर्स को डेटा डाउनलोड करने का मिलेगा विकल्प
Meta के अनुसार जिन यूजर्स की चैट इस बदलाव से प्रभावित होगी, उन्हें अपने मैसेज और मीडिया फाइल्स डाउनलोड करने के लिए निर्देश दिए जाएंगे। अगर कोई यूजर Instagram का पुराना वर्जन इस्तेमाल कर रहा है, तो उसे एन्क्रिप्टेड मैसेज या मीडिया डाउनलोड करने के लिए एप को अपडेट करना होगा।
कम इस्तेमाल होने की वजह से लिया गया फैसला
हालांकि Instagram के सपोर्ट पेज पर इस फीचर को बंद करने की स्पष्ट वजह नहीं बताई गई है। लेकिन Meta के एक प्रवक्ता ने टेक वेबसाइट द वर्ज को बताया कि बहुत कम लोग Instagram के डायरेक्ट मैसेज में एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन का इस्तेमाल कर रहे थे। उन्होंने यह भी कहा कि जो यूजर्स इस तरह की सुरक्षित मैसेजिंग जारी रखना चाहते हैं, वे WhatsApp का उपयोग कर सकते हैं।
सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं था फीचर
WhatsApp के विपरीत Instagram पर एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध नहीं था। यह फीचर केवल कुछ क्षेत्रों में और ऑप्शन के तौर पर (opt-in basis) दिया गया था। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि एन्क्रिप्टेड चैट का बैकअप लेने का नोटिफिकेशन यूजर्स को जल्द मिलेगा या अंतिम तारीख के करीब दिखाया जाएगा।
क्या होता है एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन
एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन एक ऐसी सुरक्षा तकनीक है, जिसमें केवल संदेश भेजने वाला और प्राप्त करने वाला व्यक्ति ही उस मैसेज या कॉल को देख सकता है। हर एन्क्रिप्टेड बातचीत विशेष सुरक्षा कुंजियों (keys) से सुरक्षित होती है, जिन्हें यूजर्स अतिरिक्त सुरक्षा के लिए आपस में मिलान भी कर सकते हैं।
एन्क्रिप्शन को लेकर Meta का बदलता रुख
पिछले कुछ वर्षों में Meta ने एन्क्रिप्शन को लेकर कई बार अपनी रणनीति बदली है। वर्ष 2016 में कंपनी ने WhatsApp चैट को एंड-टू-एंड एन्क्रिप्ट करना शुरू किया था। इसके तीन साल बाद Meta ने कहा था कि भविष्य में सभी बातचीत को एन्क्रिप्ट किया जाएगा, लेकिन 2021 में कंपनी ने इस योजना को 2023 तक के लिए टाल दिया था।
