अगर आपका WhatsApp अकाउंट किसी ने हैक कर लिया है और कोई दूसरा व्यक्ति आपके अकाउंट का इस्तेमाल कर रहा है, तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। हैकर आपके अकाउंट से दोस्तों और रिश्तेदारों को मैसेज भेज सकता है और उनके साथ धोखाधड़ी करने की कोशिश कर सकता है। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सही तरीके से अपना अकाउंट रिकवर करना जरूरी है।
वॉट्सऐप अपने करोड़ों यूजर्स को कई तरह के सिक्योरिटी फीचर्स उपलब्ध कराता है।
अच्छी बात यह है कि WhatsApp ने अकाउंट वापस पाने का तरीका बताया है, जिसकी मदद से आप कुछ आसान स्टेप्स अपनाकर अपने अकाउंट का एक्सेस वापस पा सकते हैं और दूसरे व्यक्ति को अपने अकाउंट से लॉगआउट कर सकते हैं।
किसी के साथ शेयर न करें 6 अंकों का कोड
WhatsApp अकाउंट को रिकवर करने के लिए सबसे पहले अपने फोन नंबर से दोबारा रजिस्टर करें। इसके लिए आपके मोबाइल नंबर पर SMS के जरिए 6 अंकों का वेरिफिकेशन कोड आएगा। इस कोड को WhatsApp में दर्ज करें। ध्यान रखें कि यह कोड किसी दूसरे व्यक्ति के साथ शेयर न करें। चाहे वह आपका दोस्त हो या परिवार का सदस्य। जैसे ही आप इस कोड को डालकर अपना अकाउंट दोबारा रजिस्टर करेंगे, दूसरे डिवाइस पर चल रहा आपका WhatsApp अपने आप लॉगआउट हो जाएगा।टू-स्टेप वेरिफिकेशन PIN मांगे जाने पर क्या करें?
अकाउंट को दोबारा रजिस्टर करते समय WhatsApp आपसे टू-स्टेप वेरिफिकेशन PIN भी मांग सकता है। ऐसा तब हो सकता है, जब हैकर ने आपके अकाउंट में यह सिक्योरिटी फीचर चालू कर दिया हो। अगर आपको यह PIN नहीं पता है, तो आपको 7 दिन तक इंतजार करना पड़ सकता है। इसके बाद दोबारा अकाउंट में लॉगिन करने की कोशिश करें। ध्यान रहे कि PIN पता हो या नहीं, 6 अंकों का SMS वेरिफिकेशन कोड डालते ही दूसरा व्यक्ति आपके अकाउंट से लॉगआउट हो जाएगा।सिर्फ पासवर्ड बदलने से नहीं हटेगा हैकर
अगर आपका WhatsApp अकाउंट किसी दूसरे व्यक्ति के पास चला गया है, तो केवल पासवर्ड या टू-स्टेप वेरिफिकेशन बदलने से समस्या हल नहीं होगी। ऐसी स्थिति में अपने फोन नंबर से अकाउंट को दोबारा रजिस्टर करना जरूरी है। यही तरीका दूसरे व्यक्ति को आपके अकाउंट से बाहर करने में मदद करता है।दोस्तों और परिवार वालों को जरूर बताएं
अगर आपको लगता है कि आपका WhatsApp अकाउंट हैक हो गया है, तो इसकी जानकारी अपने दोस्तों और परिवार वालों को जरूर दें। ऐसा इसलिए जरूरी है क्योंकि हैकर आपके अकाउंट से उन्हें मैसेज भेज सकता है और पैसे मांगने या किसी तरह की धोखाधड़ी करने की कोशिश कर सकता है। साथ ही, जब भी कोई आपके फोन नंबर से WhatsApp अकाउंट रजिस्टर करने की कोशिश करेगा, तो WhatsApp आपको इसकी जानकारी देने के लिए नोटिफिकेशन भेज सकता है।WhatsApp किसी दूसरे व्यक्ति का अकाउंट बंद नहीं कर सकता
अगर आपका अकाउंट हैक हो गया है, तो WhatsApp सपोर्ट टीम किसी दूसरे व्यक्ति के लिए आपका अकाउंट बंद नहीं कर सकती। वेरिफिकेशन से जुड़ी सीमाओं के कारण WhatsApp ऐसा करने में सक्षम नहीं है। इसी तरह WhatsApp आपकी तरफ से किसी कॉन्टैक्ट को ब्लॉक या अनब्लॉक भी नहीं कर सकता। हालांकि, आप खुद किसी नंबर को ब्लॉक या रिपोर्ट कर सकते हैं।क्या हैकर आपकी पुरानी चैट पढ़ सकता है?
WhatsApp पर भेजे जाने वाले मैसेज एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन से सुरक्षित रहते हैं। इसके अलावा, आपके मैसेज आपके डिवाइस में स्टोर होते हैं। इसलिए अगर कोई व्यक्ति आपके नंबर से किसी नए फोन में WhatsApp अकाउंट रजिस्टर करता है, तो वह आपकी पुरानी चैट नहीं पढ़ पाएगा। हालांकि, अगर आपने Google Account या iCloud पर चैट का बैकअप लिया हुआ है, तो अकाउंट रिकवर करने के बाद आप अपनी पुरानी चैट वापस पा सकते हैं।अगर आपका WhatsApp अकाउंट हैक हो जाता है, तो WhatsApp आपको यह जानकारी नहीं दे सकता कि किस व्यक्ति ने आपका अकाउंट इस्तेमाल किया, उसने कहां से लॉगिन किया और कब ऐसा किया। इसलिए अकाउंट की सुरक्षा के लिए जरूरी है कि आप अपना वेरिफिकेशन कोड और टू-स्टेप वेरिफिकेशन PIN किसी के साथ शेयर न करें।
