Google अपने यूजर्स को Gmail, Google Drive और Google Photos के लिए कुल 15GB फ्री क्लाउड स्टोरेज देता है। लेकिन समय के साथ यह स्टोरेज कब भर जाती है, पता ही नहीं चलता। ऐसे में कई लोग Google Photos से अपनी तस्वीरें और Google Drive से जरूरी फाइलें डिलीट करने लगते हैं। जबकि स्टोरेज फुल होने की एक बड़ी वजह Gmail में सालों से जमा ईमेल भी हो सकते हैं।
आप आसानी से बिना किसी खर्च के जीमेल की स्टोरेज क्लीन कर सकते हैं। (फोटो क्रेडिट-Digit)
पुराने ईमेल, बड़े अटैचमेंट, न्यूजलेटर और प्रमोशनल मैसेज धीरे-धीरे काफी जगह घेर लेते हैं। ऐसे में अगर आप Google One का पेड सब्सक्रिप्शन नहीं लेना चाहते, तो कुछ आसान तरीकों से अपनी Gmail स्टोरेज खाली कर सकते हैं। आइए जानते हैं Gmail का स्टोरेज स्पेस बचाने के 4 आसान तरीके।
बड़े अटैचमेंट वाले ईमेल को करें डिलीट
Gmail में हजारों सामान्य टेक्स्ट वाले ईमेल होने से ज्यादा स्टोरेज खर्च नहीं होती। असली परेशानी उन ईमेल से होती है, जिनमें फोटो, वीडियो, PDF या दूसरी बड़ी फाइलें अटैच होती हैं। ऐसे ईमेल को ढूंढकर डिलीट करने से काफी स्टोरेज खाली हो सकती है। इसके लिए Gmail में ही एक आसान फीचर मिलता है, जिसकी मदद से आप बड़े अटैचमेंट वाले ईमेल को पहचान सकते हैं।
- अपने फोन में Gmail ऐप खोलें।
- ऊपर दाईं तरफ अपनी प्रोफाइल फोटो पर टैप करें।
- अगर आपके ऐप में Clean up space का विकल्प दिखाई देता है, तो उस पर टैप करें।
- अब Emails with large attachments सेक्शन में जाकर Review चुनें।
- यहां आपको बड़े अटैचमेंट वाले ईमेल की लिस्ट दिखाई देगी।
- जो ईमेल जरूरी नहीं हैं, उन्हें चुनकर डिलीट कर दें।
ईमेल डिलीट करने से पहले यह जरूर देख लें कि उसमें कोई जरूरी डॉक्यूमेंट, ऑफिस की फाइल या निजी फोटो तो नहीं है। साथ ही, Spam और Trash फोल्डर में पड़े गैर-जरूरी ईमेल भी चेक करें।
Gmail सर्च से ढूंढें बड़े और पुराने ईमेल
कई बार Gmail का क्लीनअप फीचर सभी बड़े ईमेल को नहीं दिखाता। ऐसे में आप Gmail के सर्च बार में कुछ खास कमांड डालकर पुराने और ज्यादा जगह घेरने वाले ईमेल ढूंढ सकते हैं। इन कमांड की मदद से आपको हर ईमेल को अलग-अलग खोलकर देखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इन सर्च कमांड का करें इस्तेमाल:
- has:attachment — अटैचमेंट वाले ईमेल ढूंढने के लिए।
- has:attachment larger: 5MB से बड़े अटैचमेंट वाले ईमेल खोजने के लिए।
- has:attachment larger:5MB before:2024/01/01 — 1 जनवरी 2024 से पहले के 5MB से बड़े अटैचमेंट वाले ईमेल खोजने के लिए।
आप Gmail के सर्च बार में अपनी जरूरत के हिसाब से इनमें से कोई भी कमांड टाइप कर सकते हैं। इसके बाद गैर-जरूरी ईमेल चुनें और उन्हें डिलीट कर दें। अगर आपको ज्यादा स्टोरेज खाली करनी है, तो 5MB की जगह 10MB या उससे ज्यादा का साइज भी चुन सकते हैं।
पुराने प्रमोशनल और नोटिफिकेशन वाले ईमेल हटाएं
Gmail में रोजाना कई तरह के ईमेल आते हैं। इनमें शॉपिंग वेबसाइट के ऑफर, न्यूजलेटर, सोशल मीडिया अलर्ट और अलग-अलग ऐप्स के नोटिफिकेशन शामिल होते हैं। इनमें से ज्यादातर ईमेल कुछ समय बाद काम के नहीं रहते, लेकिन इनकी संख्या बढ़ती जाती है। ऐसे ईमेल को हटाकर आप अपना इनबॉक्स साफ रख सकते हैं और स्टोरेज भी बचा सकते हैं।
पुराने प्रमोशनल ईमेल हटाने का तरीका:
- Gmail खोलें और सर्च बार में older_than:1y category:promotions टाइप करें।
- इससे एक साल से पुराने प्रमोशनल ईमेल की लिस्ट सामने आ जाएगी।
- ईमेल को ध्यान से देखें और जो जरूरी नहीं हैं, उन्हें चुनकर डिलीट कर दें।
- इसी तरह Social और Updates कैटेगरी के पुराने ईमेल भी साफ करें।
ध्यान रखें कि एक साल से पुराने सभी ईमेल गैर-जरूरी नहीं होते। इसलिए पूरी लिस्ट को बिना देखे डिलीट करने के बजाय पहले जरूरी मैसेज अलग कर लें।
अनचाहे ईमेल आने से रोकें
अगर आप सिर्फ पुराने ईमेल डिलीट करते रहेंगे और नए प्रमोशनल ईमेल आते रहेंगे, तो कुछ समय बाद स्टोरेज फिर से भर सकती है। इसलिए पुराने ईमेल साफ करने के साथ-साथ उन ईमेल को आने से रोकना भी जरूरी है, जिनकी आपको जरूरत नहीं है। Gmail में इसके लिए Unsubscribe और Block जैसे विकल्प मिलते हैं।
Manage Subscriptions का इस्तेमाल करें
- Gmail ऐप खोलें और ऊपर बाईं तरफ तीन लाइन वाले मेन्यू पर टैप करें।
- अगर Manage Subscriptions का विकल्प उपलब्ध है, तो उसे खोलें।
- यहां उन मेलिंग लिस्ट की जानकारी मिल सकती है, जिनसे आपको लगातार ईमेल आते हैं।
- गैर-जरूरी न्यूजलेटर या प्रमोशनल मेल के सामने दिए गए Unsubscribe विकल्प का इस्तेमाल करें।
बार-बार ईमेल भेजने वालों को करें ब्लॉक
- जिस व्यक्ति या कंपनी के ईमेल नहीं चाहिए, उसका मैसेज खोलें।
- ऊपर दिए गए तीन डॉट वाले मेन्यू पर टैप करें।
- Block विकल्प चुनें।
इसके बाद उस ईमेल एड्रेस से आने वाले नए मैसेज आमतौर पर Spam फोल्डर में चले जाएंगे। Spam में पड़े ईमेल 30 दिन बाद अपने आप डिलीट हो जाते हैं। हालांकि, ब्लॉक करने से पहले यह सुनिश्चित कर लें कि भेजने वाला कोई जरूरी संपर्क नहीं है।
Gmail की स्टोरेज खाली रखने के लिए इन बातों का रखें ध्यान
- समय-समय पर बड़े अटैचमेंट वाले ईमेल चेक करें।
- पुराने और गैर-जरूरी प्रमोशनल मैसेज डिलीट करते रहें।
- जिन न्यूजलेटर की जरूरत नहीं है, उनसे अनसब्सक्राइब करें।
- डिलीट किए गए ईमेल के बाद Trash फोल्डर भी खाली करें।
- जरूरी ईमेल और डॉक्यूमेंट डिलीट करने से पहले उनकी जांच जरूर करें।
