टेक्नोलॉजी के दौर में सोशल मीडिया में तरह-तरह की खबरें आती रहती हैं। जब से स्मार्टफोन और सोशल मीडिया की पहुंच बढ़ी है तब से फेक न्यूज का दौर भी तेजी से बढ़ा है। आजकल फेक न्यूज हर जगह फैल रही है। ऐसे में किसी भी खबर पर भरोसा करने से पहले उसे सही से जांचना जरूरी होता है। सोशल मीडिया में पूरी तरह से फ्रीडम होने की वजह से कोई भी कभी भी कुछ भी लिख देता है ऐसे में आम लोगों के लिए यह समझना बेहद मुश्किल हो जाता है कि कौन सी खबर सच है या फिर झूठ।
हर एक वायरल खबर पर तुरंत भरोसा नहीं करना चाहिए। (फोटो क्रेडिट-iStock)
सोशल मीडिया में कई बार भ्रामक खबरें इस तरह से पेश की जातीं हैं कि वह एक दम सही लगने लगती हैं। इसकी वजह से लोग उसे अधिक से अधिक लोगों तक शेयर करने लगते हैं। कई बार ऐसी खबरों की वजह से डर और भ्रम तो फैलता ही है साथ ही इसकी वजह से कई बार देश की सुरक्षा को भी खतरा पहुंचता है। ऐसे में यह बेहद जरूरी हो जाता है कि सोशल मीडिया में दिखने वाली हर एक खबर पर आंख मूंद कर भरोसा न करें।
आइए आपको चार ऐसे शानदार तरीके बताते हैं जिससे आप आसानी से फेक और रियल न्यूज में अंतर कर पाएंगे।
Fact Check Tool की मदद लें
- Google Fact Check Tools वेबसाइट पर विजिट करें।
- जिस वायरल खबर के दावें को चेक करना चाहते हैं उसके कीवर्ड डालें।
- सामने आए रिजल्ट में देखें कि उस खबर की पहले से फैक्ट-चेकिंग की गई है या नहीं।
- अब आपको विश्वसनीय स्रोतों की जानकारी पढ़ना चाहिए, इसके बाद वायरल पोस्ट से उसकी तुलना करें।
- इस तरह से आप खबर के सही गलत होने की चेकिंग कर सकते हैं।
PIB Fact Check से करें सरकारी खबरों की पुष्टि
भारत सरकार की योजनाओं, नीतियों और घोषणाओं से जुड़ी वायरल खबरों को जांचने के लिए Press Information Bureau (PIB) सबसे भरोसेमंद स्रोत है।
- PIB की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर वायरल खबर की जांच कर सकते हैं।
- इसके साथ ही आप PIB Fact Check का आधिकारिक X (Twitter) अकाउंट पर भी फेक न्यूज को चेक कर सकते हैं।
- अगर कोई खबर सरकार से जुड़ी है, तो पहले PIB पर उसकी पुष्टि जरूर कर लें।
All India Radio News से लें सही जानकारी
All India Radio (AIR) News भी सोशल मीडिया पर वायरल खबरों की सच्चाई जानने के लिए एक भरोसेमंद प्लेटफॉर्म है।
- AIR News की वेबसाइट पर आपको देश के साथ साथ पूरी दुनिया की प्रमाणित खबरें मिलती हैं।
- खबर को चेक करने के लिए आप इनके माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट को भी चेक कर सकते हैं।
- यहां से आपको सही और विश्वसनीय जानकारी मिल सकती है।
फेक न्यूज पहचानने के संकेत
कई बार आप खुद भी कुछ संकेतों से फेक न्यूज की पहचान कर सकते हैं। खबर पर भरोसा करने से पहले आपको इन संकेतों को समझना चाहिए।
- अगर कोई पोस्ट में डराने या भड़काने की कोशिश किया जा रहा हो।
- कई बार ऐसी खबरें भी फेक होती हैं जिनमें किसी वेबसाइट, रिपोर्टर या स्रोत का जिक्र न हो।
- अगर किसी पोस्ट में ज्यादा स्पेलिंग या ग्रामर की गलतियां हों तो भी वह फेक हो सकती है।
- अगर आपको फोटो या वीडियो में AI टूल का वॉटरमार्क दिखाई दे।
- AI से बने वीडियो या फोटो में आपको अजीब-सी गड़बड़ी नजर आ सकती है।
- अगर किसी पोस्ट में 100 प्रतिशत सच होने का दबाव बनाया जा रहा हो।
