सोशल मीडिया और यूट्यूब पर एक बार फिर केंद्र सरकार के नाम पर महिलाओं को फ्री स्कूटी देने का दावा तेजी से वायरल हो रहा है। इस दावे में कहा जा रहा है कि ‘प्रधानमंत्री फ्री स्कूटी योजना’ के तहत देशभर में 2 लाख स्कूटी मुफ्त बांटी जाएंगी, जिसके लिए फॉर्म भी शुरू हो चुके हैं। वायरल कंटेंट में प्रधानमंत्री की तस्वीर, “Apply Now” और “अंतिम मौका” जैसे शब्दों का इस्तेमाल कर लोगों को गुमराह किया जा रहा है, हालांकि सरकार की फैक्ट चेक एजेंसी PIB Fact Check ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी करार दिया है।
Free Scooty Yojana 2025/PHOTO-AI
यूट्यूब चैनल के थंबनेल से फैलाया जा रहा भ्रम
PIB Fact Check के मुताबिक, यूट्यूब चैनल “RAJCLASSESBUNDI” के एक वीडियो थंबनेल में यह दावा किया गया कि केंद्र सरकार महिलाओं और छात्राओं को फ्री स्कूटी दे रही है। थंबनेल में “फ्री स्कूटी योजना फॉर्म शुरू”, “देश में 2 लाख स्कूटी वितरण” जैसे भ्रामक वाक्य लिखे गए हैं, जिससे आम लोग इसे सरकारी योजना समझ बैठते हैं। PIB ने साफ किया है कि केंद्र सरकार की ओर से ऐसी कोई ‘प्रधानमंत्री फ्री स्कूटी योजना’ नहीं चलाई जा रही है।
PIB Fact Check ने क्या कहा?
PIB Fact Check ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह दावा पूरी तरह फर्जी है। सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे वीडियो, पोस्ट या लिंक पर भरोसा न करें, जो बिना आधिकारिक सूचना के सरकारी योजनाओं के नाम पर फैलाए जा रहे हों। PIB ने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्र सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं जरूर चला रही है, लेकिन फ्री स्कूटी वितरण से जुड़ी कोई योजना फिलहाल अस्तित्व में नहीं है।
असली सरकारी योजनाओं की जानकारी कहां मिलेगी?
अगर कोई व्यक्ति केंद्र सरकार की वास्तविक और आधिकारिक योजनाओं की जानकारी लेना चाहता है, तो उसे myscheme.gov.in वेबसाइट पर विजिट करना चाहिए। इस पोर्टल पर महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सभी प्रमाणिक योजनाओं की जानकारी उपलब्ध है।
