Tesla और SpaceX के सीईओ एलन मस्क ने रविवार को घोषणा की कि उनकी सैटेलाइट इंटरनेट सेवा Starlink वेनेजुएला के लोगों को एक महीने तक मुफ्त ब्रॉडबैंड इंटरनेट उपलब्ध कराएगी। इसका मकसद देश में इंटरनेट कनेक्टिविटी को बनाए रखना बताया गया है। X (पूर्व में ट्विटर) पर Starlink की पोस्ट शेयर करते हुए मस्क ने लिखा, “वेनेजुएला के लोगों के समर्थन में।”
Elon Musk announces free Starlink to the people of Venezuela/Photo-iStock
Maduro की गिरफ्तारी पर मस्क की प्रतिक्रिया
एलन मस्क ने इससे पहले वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी पर भी खुशी जाहिर की थी। यह गिरफ्तारी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मंजूरी से हुई एक अमेरिकी सैन्य कार्रवाई में हुई थी।
मस्क ने स्पेनिश भाषा में लिखा था, “अब वेनेजुएला को वह समृद्धि मिल सकती है, जिसका वह हकदार है।”
मादुरो के खिलाफ मस्क का सोशल मीडिया अभियान
मस्क का मादुरो के खिलाफ रुख कोई नया नहीं है। वे लंबे समय से वेनेजुएला सरकार के आलोचक रहे हैं। 2024 में हुए वेनेजुएला के चुनावों के दौरान मस्क ने खुलकर रेजिम चेंज की मांग की थी।
विपक्षी नेता Maria Corina Machado को समर्थन
एलन मस्क ने विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो का खुलकर समर्थन किया था, जिन्हें 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार मिला। मस्क का कहना था कि अगर वेनेजुएला की सरकार अपने प्राकृतिक संसाधनों का सही इस्तेमाल करे, तो देश तेजी से तरक्की कर सकता है।
अप्रैल 2024 में मस्क ने X पर लिखा था, “वेनेजुएला के पास अपार प्राकृतिक संसाधन हैं। अगर चावेज़ ने चरम समाजवाद के जरिए अर्थव्यवस्था को बर्बाद न किया होता, तो देश आज बहुत समृद्ध होता।”
2024 में फिर दोहराई सत्ता परिवर्तन की मांग
कुछ महीनों बाद मस्क ने फिर कहा था, “अब समय आ गया है कि वेनेजुएला के लोगों को बेहतर भविष्य का मौका मिले। मारिया कोरिना का समर्थन करें।” 2024 के दौरान मस्क लगातार मादुरो को निशाना बनाते रहे और उन्हें “जोकर” तक कह दिया। उन्होंने यह भी लिखा था, “मादुरो अच्छे नेता नहीं हैं। वेनेजुएला इससे कहीं बेहतर का हकदार है।”
