Times Now Navbharat
live-tv
Premium

World Earth Day 2026: स्मार्ट होम-ग्रीन फ्यूचर! खुद से करें बदलाव की शुरुआत, इन 6 गैजेट से घटाएं कार्बन फुटप्रिंट

Earth Day 2026: तेजी से बदलते पर्यावरण के बीच टेक्नोलॉजी का यदि सही से इस्तेमाल किया जाए तो हर घर पर्यावरण संरक्षण में अपनी अहम भूमिका निभा सकता है। बदलाव हमें खुद से करना होगा।

Image
World Earth Day 2026: स्मार्ट टेक्नोलॉजी से घटाएं कार्बन फुटप्रिंट, पर्यावरण को दें नई दिशा
Authored by: Pradeep Pandey
Updated Apr 22, 2026, 08:32 IST
Follow on Google News

आज पूरी दुनिया अर्थ डे (Earth Day) मना रही है। अर्थ डे यानी पृथ्वी दिवस की शुरुआत 22 अप्रैल 1970 को हुई थी। पृथ्वी दिवस मनाने का मकसद पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, बढ़ते प्रदूषण को रोकना, इलेक्ट्रॉनिक कचरे को कम करना, जलवायु परिवर्तन और वनों की कटाई जैसी समस्याओं के प्रति लोगों को सचेत करना और पृथ्वी को जीवों के रहने योग्य बनाए रखने के लिए प्रेरित करना है।

हर रोज बढ़ रहे इलेक्ट्रॉनिक कचरे और लगातार हो रहे जलवायु परिवर्तन के कारण पर्यावरण संरक्षण की चर्चा पहले से कहीं ज्यादा जरूरी हो गई है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और ऊर्जा संकट के बीच अब यह सवाल अहम हो गया है कि हम अपने घरों से ही पर्यावरण को कैसे बचा सकते हैं। इसका सीधा और सरल जवाब यही है कि आपको हर हाल में इको फ्रेंडली टेक्नोलॉजी (Eco Friendly Technology) अपनानी होगी जिससे न सिर्फ ऊर्जा की बचत की जा सकती है, बल्कि कार्बन फुटप्रिंट भी काफी हद तक कम किया जा सकता है। आइए जानते हैं कैसे...

ऊर्जा बचत में अहम भूमिका निभा रही LED

घर में इस्तेमाल होने वाली लाइट्स कुल ऊर्जा खपत का लगभग 8% हिस्सा होती हैं। ऐसे में पारंपरिक बल्बों की जगह LED बल्ब अपनाना एक बड़ा बदलाव साबित हो सकता है। पहले के मुकाबले अब बाजार में काफी एडवांस और कम-से-कम बिजली खर्च करने वाले एलईडी बल्ब उपलब्ध हैं। ये न केवल कम बिजली खर्च करते हैं, बल्कि ज्यादा समय तक चलते हैं और हीट या UV उत्सर्जन भी नहीं करते।

ऑटोमैटिक बल्ब

यदि आप वास्तव में धरती की चिंता करते हैं तो अपने घर में ऑटोमेटेड लाइटिंग सिस्टम लगवाइए। इसका फायदा यह है कि जब इस्तेमाल करना होगा तब ये लाइट्स ऑटोमैटिक जल उठेंगी। इससे अनावश्यक बिजली खर्च रुकता है। ऑटोमैटिक बल्ब बाजार में 1,000 रुपये से कम उपलब्ध हैं। इनका इस्तेमाल खासतौर पर बाथरूम, गार्डन एरिया, सीढ़ियों और बालकनी आदि में किया जा सकता है। जहां भी लगातार लाइट की जरूरत नहीं है, वहां इनका इस्तेमाल करके बिजली बचाई जा सकती है। इनमें एक सेंसर लगा हुआ होता है जिससे करीब 12 मीटर की रेंज में हलचल होने पर ये बल्ब अपने आप जल जाते हैं। बाजार में स्मार्ट प्लग भी आते हैं जिन्हें फोन से कंट्रोल किया जा सकता है और कभी से भी ऑपरेट किया जा सकता है।

स्मार्ट फ्रिज से कम होगी बिजली खपत

फ्रिज घर के सबसे ज्यादा बिजली खपत करने वाले उपकरणों में से एक है। ऐसे में स्मार्ट फ्रिज एक बेहतर विकल्प बनकर उभरे हैं। ये आपके उपयोग के पैटर्न को समझकर जरूरत के अनुसार ही कूलिंग करते हैं। साथ ही “डिमांड रिस्पॉन्स” तकनीक के जरिए ये बिजली की खपत को ऑफ-पीक समय में शिफ्ट कर देते हैं, जिससे ऊर्जा की बचत होती है। सही मेंटेनेंस और उपयोग से ये लंबे समय तक फायदेमंद साबित हो सकते हैं।

World Earth Day 2026: स्मार्ट टेक्नोलॉजी से घटाएं कार्बन फुटप्रिंट, पर्यावरण को दें नई दिशा

World Earth Day 2026: स्मार्ट टेक्नोलॉजी से घटाएं कार्बन फुटप्रिंट, पर्यावरण को दें नई दिशा

स्मार्ट थर्मोस्टेट: आराम के साथ बचत

स्मार्ट थर्मोस्टेट घर के तापमान को आपके दैनिक रूटीन के अनुसार एडजस्ट करता है। जब घर में कोई नहीं होता, तो यह ऊर्जा की खपत कम कर देता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, तापमान को 7-10 डिग्री कम करने से सालाना हीटिंग और कूलिंग बिल में करीब 10% तक की बचत हो सकती है। इसके अलावा, यह आपको ऊर्जा उपयोग की पूरी रिपोर्ट भी देता है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि स्मार्ट थर्मोस्टेट एक डिवाइस है जो घर के हीटिंग और कूलिंग सिस्टम को मोबाइल ऐप या आवाज से कंट्रोल करते हैं।

स्मार्ट पावर स्ट्रिप: छोटे बदलाव, बड़ा असर

स्मार्ट पावर स्ट्रिप एक छोटा लेकिन प्रभावी समाधान है। ये डिवाइस यह पहचान लेते हैं कि कौन-सा उपकरण स्टैंडबाय मोड में है और तुरंत उस आउटलेट की बिजली बंद कर देते हैं। इससे बेवजह की बिजली खपत रुकती है और लंबे समय में बिजली बिल भी कम होता है। खासतौर पर होम ऑफिस और लिविंग रूम में इसका इस्तेमाल ज्यादा फायदेमंद होता है। आमतौर पर हम टीवी और चार्जिंग एडाप्टर को अक्सर स्टैंडबाय मोड में छोड़ देते हैं।

एनर्जी सेविंग विंडोज: तापमान रहेगा कंट्रोल

स्मार्ट विंडोज आज के स्मार्ट होम का अहम हिस्सा बनती जा रही हैं। एक बटन दबाते ही ये खिड़कियां टिंट होकर सूरज की गर्मी को अंदर आने से रोक देती हैं। इससे घर का तापमान संतुलित रहता है और एसी या हीटर पर निर्भरता कम हो जाती है। ये विंडोज खुद भी बहुत कम बिजली का इस्तेमाल करती हैं।

End of Article