OpenAI ने मंगलवार को अपना नया और एडवांस इमेज बनाने वाला मॉडल लॉन्च किया है, जिसका नाम ChatGPT Images 2.0 है। कंपनी का कहना है कि यह मॉडल यूजर के प्रॉम्प्ट को बेहतर तरीके से समझकर ज्यादा सटीक, काम के लायक और एक्यूरेट इमेज बनाता है। नए इमेज टूल में कई खास तरह की क्षमताएं दी गई हैं। यह यूजर्स के निर्देशों को अच्छे से फॉलो करता है, अलग-अलग भाषाओं में इमेज बनाता है और इमेज की डिजाइन (कंपोजीशन) को बेहतर करता है।
ओपनएआई के नए इमेज टूल में कई शानदार फीचर्स मिलेंगे। (फोटो क्रेडिट-Digit)
कंपनी का यह भी कहना है कि यह मॉडल अब मुश्किल कामों को समझकर उन्हें पूरा करने की क्षमता भी रखता है। ChatGPT Images 2.0 को ChatGPT, Codex और API के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है। OpenAI के मुताबिक, ChatGPT Images 2.0 अब ChatGPT और Codex के सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध हो गया है। वहीं, ChatGPT Plus, Pro और Business प्लान लेने वाले यूजर्स को इसमें और भी एडवांस फीचर्स मिलेंगे।
डेवलपर्स ऐसे कर सकते हैं इस्तेमाल
डेवलपर्स इस नए मॉडल को GPT-Image-2 API के जरिए इस्तेमाल कर सकते हैं। इसकी कीमत इस बात पर निर्भर करेगी कि आप किस क्वालिटी और रिजोल्यूशन की इमेज बनाना चाहते हैं। कंपनी का कहना है कि यह नया एआई टूल 2K रिजोल्यूशन तक की इमेज बना सकता है। हालांकि, इससे भी ज्यादा रिजोल्यूशन वाली इमेज बनाने का फीचर अभी टेस्टिंग (बीटा) में है।
मुश्किल काम हुआ आसान
OpenAI के मुताबिक, ChatGPT Images 2.0 पुराने मॉडल के मुकाबले ज्यादा सटीक और बेहतर कंट्रोल देता है। इससे यूजर्स ऐसी इमेज बना सकते हैं जो उनके डिटेल में दिए गए प्रॉम्प्ट से काफी हद तक मेल खाती हैं। कंपनी का कहना है कि इस मॉडल को खास तौर पर मुश्किल डिजाइन (कंपोज़िशन) संभालने के लिए बनाया गया है। अब यह UI एलिमेंट्स, ज्यादा टेक्स्ट और सही तरीके से सजा हुआ लेआउट भी आसानी से बना सकता है—जो पहले के इमेज जनरेशन टूल्स के लिए काफी मुश्किल होता था।
