BSNL plan revised 2025: भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने अपने पॉपुलर ₹197 प्रीपेड प्लान में बड़ा बदलाव किया है। अब इस प्लान की वैलिडिटी घटाकर 54 दिन कर दी गई है और साथ ही अनलिमिटेड कॉलिंग व डेली डेटा जैसे फायदे भी हटा दिए गए हैं। यहां हम इस प्लान में किए गए बदलाव के बारे में बता रहे हैं।
BSNL की वेबसाइट के अनुसार, ₹197 वाले रिचार्ज की अब नई वैलिडिटी 54 दिन कर दी गई है। (फोटो-istock)
वैलिडिटी और बेनिफिट्स में हुई कटौती
BSNL की वेबसाइट के अनुसार, ₹197 वाले रिचार्ज की अब नई वैलिडिटी 54 दिन कर दी गई है। इसमें अब यूजर्स को सिर्फ 300 मिनट की कॉलिंग, 4GB टोटल डेटा और कुल 100 SMS ही मिलेंगे। डेटा लिमिट खत्म होने के बाद स्पीड घटकर 40Kbps रह जाएगी। पहले इसी प्लान में यूजर्स को 70 दिन की वैलिडिटी मिलती थी।
पहले क्या था ऑफर में खास
पुराने ₹197 प्लान में BSNL यूजर्स को 15 दिन तक अनलिमिटेड लोकल व STD कॉलिंग, रोज 2GB डेटा, रोज 100 SMS और Zing Music का एक्सेस मिलता था। प्लान की कुल वैलिडिटी 70 दिन थी, लेकिन अब यह घटकर 54 दिन रह गई है। पुराने प्लान की खासियत यह थी कि यह कम खर्च में नंबर एक्टिव रखने के लिए यह प्लान बढ़िया ऑप्शन था।
क्यों घटाए गए फायदे?
BSNL की ओर से प्लान में यह बदलाव संभवतः अपने नेटवर्क निवेश और लागत के चलते किया गया है। कम वैलिडिटी और सीमित फायदे ऐसे यूजर्स को प्रभावित कर सकते हैं, जो सिर्फ नंबर चालू रखने के लिए यह सस्ता प्लान लेते थे। अब उन्हें बार-बार रिचार्ज करना पड़ सकता है या किसी अन्य टेलिकॉम विकल्प की ओर देखना होगा।
फायदे के बावजूद कंपनी ने किया निवेश
हालांकि प्लान में कटौती की गई है, लेकिन BSNL की वित्तीय स्थिति में सुधार देखने को मिला है। FY 2024-25 की चौथी तिमाही में कंपनी ने ₹280 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में ₹849 करोड़ का घाटा था। इसके अलावा, कंपनी ने 4G नेटवर्क और फाइबर विस्तार के लिए ₹15,324 करोड़ की नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर और ₹10,698 करोड़ की स्पेक्ट्रम खरीद में निवेश किया है।
