Times Now Navbharat
live-tv
Premium

Explainer: चैट और सर्च हिस्ट्री से इरादे समझने लगा है AI, क्या प्राइवेसी अब सिर्फ एक दिखावा?

भविष्य में AI केवल एक चैटबॉट नहीं रहेगा, बल्कि आपकी 'डिजिटल याददाश्त' (Digital Memory System) बन सकता है, जो आपको बेहतर फैसले लेने, काम व्यवस्थित करने और व्यक्तिगत सलाह देने में मदद करेगा।

Image
AI को कैसे पता चलती है आपकी पसंद?/Photo-AI
Authored by: Pradeep Pandey
Updated Jul 19, 2026, 13:01 IST

AI असिस्टेंट आजकल लोगों की जिंदगी में इस कदर घुस गए हैं कि लोग इसे अपना सबसे बढ़िया और काबिल दोस्त समझने लगे हैं। आज के समय में ज्यादातर लोग ChatGPT, Gemini, Copilot या दूसरे AI असिस्टेंट का इस्तेमाल सिर्फ सवाल पूछने या जानकारी लेने के लिए करते हैं, लेकिन AI का असली बदलाव कहीं बड़ा है। टेक एक्सपर्ट का मानना है कि आने वाले समय में AI असिस्टेंट सिर्फ आपके सवालों के जवाब नहीं देंगे, बल्कि आपकी सोच, पसंद, आदतों और फैसले लेने के तरीके को भी समझने लगेंगे। यही वजह है कि कहा जा रहा है कि आपका AI असिस्टेंट आपके बारे में उतना जान सकता है, जितना शायद कोई सोशल मीडिया या सर्च इंजन भी नहीं जानता।

अब सिर्फ आपकी सर्च नहीं, आपकी सोच भी समझ रहा है AI

अब तक Google जैसे सर्च इंजन केवल यह जानते थे कि आपने क्या सर्च किया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यह समझते थे कि आपको कौन-सा कंटेंट पसंद है और ई-कॉमर्स वेबसाइटें आपकी खरीदारी की आदतों का रिकॉर्ड रखती थीं, लेकिन AI असिस्टेंट इन सबसे अलग हैं। जब आप किसी AI से लंबी बातचीत करते हैं, तो वह सिर्फ एक सवाल का जवाब नहीं देता, बल्कि पूरी बातचीत के दौरान आपकी जरूरत, लक्ष्य, समस्याएं और सोचने का तरीका भी समझता है।

AI को कैसे पता चलती है आपकी पसंद?

मान लीजिए आप AI से पूछते हैं कि "क्या मुझे AI स्टार्टअप शुरू करना चाहिए?" इसके बाद बातचीत में आप अपनी नौकरी, आय, तकनीकी अनुभव, निवेश की क्षमता, परिवार की जिम्मेदारियां और भविष्य की योजनाओं के बारे में बताते हैं। धीरे-धीरे AI इन जानकारियों को जोड़कर आपकी एक विस्तृत तस्वीर तैयार कर लेता है यानी AI सिर्फ यह नहीं जानता कि आपने क्या पूछा, बल्कि यह भी समझने लगता है कि आपने वह सवाल क्यों पूछा।

Search History और AI Memory में क्या अंतर है?

सर्च इंजन आपके सवालों का रिकॉर्ड रखते हैं, लेकिन उनके पीछे की कहानी नहीं जानते। उदाहरण के लिए दो लोग Google पर एक ही सवाल सर्च करते हैं "Machine Learning कैसे सीखें?" पहला व्यक्ति कॉलेज का छात्र हो सकता है। दूसरा व्यक्ति 10 साल का अनुभवी सॉफ्टवेयर इंजीनियर हो सकता है। सर्च इंजन दोनों को एक जैसा मान सकता है, लेकिन AI असिस्टेंट पहले की बातचीत के आधार पर समझ सकता है कि किसे शुरुआती जानकारी चाहिए और कौन एडवांस स्तर की सलाह चाहता है।

AI अब आपके इरादे भी समझने लगा है

AI अब आपके इरादे भी समझने लगा है

AI अब आपके इरादे भी समझने लगा है

पुरानी डिजिटल सेवाएं इस बात पर निर्भर करती थीं कि आपने क्या किया, जैसे कौन-सी वेबसाइट खोली, कौन-सा वीडियो देखा या क्या खरीदा, लेकिन AI सीधे आपसे पूछता है कि आप क्या करना चाहते हैं, किस बात से डरते हैं, किस लक्ष्य को हासिल करना चाहते हैं और किन विकल्पों के बीच फैसला नहीं कर पा रहे हैं। यही वजह है कि एक्सपर्ट इसे Behavior Data से आगे बढ़कर Intent Data यानी "इरादों की जानकारी" का दौर मान रहे हैं।

AI बना सकता है आपका Personal Context Model

नई AI तकनीक सिर्फ जानकारी याद रखने तक सीमित नहीं रहना चाहती। यह समय के साथ आपकी बातचीत को जोड़कर एक Personal Context Model तैयार कर सकती है।

इसमें AI को याद रह सकता है कि-

  • आपने कुछ महीने पहले कौन-सा प्रोजेक्ट शुरू किया था।
  • आपकी पसंदीदा भाषा कौन-सी है।
  • आप किस तरह के जवाब पसंद करते हैं।
  • आपका करियर लक्ष्य क्या है।
  • आप किन विषयों को सीखना चाहते हैं।
AI: आपकी डिजिटल याददाश्त

AI: आपकी डिजिटल याददाश्त

यानी AI केवल डेटा स्टोर नहीं करता, बल्कि आपके बारे में एक ऐसा मॉडल तैयार कर सकता है, जिससे वह भविष्य में बेहतर सुझाव दे सके।

Context ही बनेगा AI की सबसे बड़ी ताकत

भविष्य में AI की सबसे बड़ी ताकत सिर्फ इंटरनेट पर मौजूद जानकारी नहीं होगी, बल्कि यह होगी कि वह आपको कितना अच्छी तरह समझता है। कल्पना कीजिए दो AI सिस्टम हैं। पहले के पास पूरी इंटरनेट की जानकारी है। दूसरे के पास वही जानकारी है, लेकिन साथ में पिछले पांच वर्षों की आपकी बातचीत, पसंद और लक्ष्य भी मौजूद हैं। ऐसे में दूसरा AI आपको कहीं अधिक सटीक और व्यक्तिगत सलाह दे पाएगा।

क्या इससे प्राइवेसी पर असर पड़ेगा?

AI के बढ़ते इस्तेमाल के साथ गोपनीयता भी एक बड़ा मुद्दा बनकर उभर रही है। यदि AI आपकी बातचीत, पसंद और व्यक्तिगत जानकारी लंबे समय तक याद रखता है, तो यह सवाल भी उठता है कि इस डेटा का इस्तेमाल कैसे होगा, कौन इसे एक्सेस कर सकेगा और उपयोगकर्ता के पास उस जानकारी पर कितना नियंत्रण होगा। इसी कारण दुनिया भर में AI कंपनियां मेमोरी फीचर, डेटा कंट्रोल और प्राइवेसी से जुड़े नए विकल्पों पर काम कर रही हैं, ताकि उपयोगकर्ता यह तय कर सकें कि AI क्या याद रखे और क्या नहीं।

आने वाला दौर AI की 'डिजिटल याददाश्त' का हो सकता है

जानकारों का मानना है कि AI असिस्टेंट धीरे-धीरे नोटबुक, कैलेंडर, रिमाइंडर, सर्च इंजन और पर्सनल असिस्टेंट जैसी कई भूमिकाओं को एक साथ निभाने लगेंगे। यानी भविष्य में AI केवल एक चैटबॉट नहीं रहेगा, बल्कि आपकी 'डिजिटल याददाश्त' (Digital Memory System) बन सकता है, जो आपको बेहतर फैसले लेने, काम व्यवस्थित करने और व्यक्तिगत सलाह देने में मदद करेगा। हालांकि, इसके साथ डेटा सुरक्षा और प्राइवेसी को लेकर सतर्क रहना भी उतना ही जरूरी होगा।

End of Article