क्या भारत विश्व कप और एशियाई खेलों में उतारेगा महिला हॉकी में दो अलग-अलग टीम?

क्या भारत आगामी हॉकी वर्ल्ड कप और जापान में आयोजित होने वाले एशियाई खेलों में महिलाओं की दो अलग-अलग टीमों के साथ मैदान में उतर सकती है। इस बारे में टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने जानिए क्या संकेत दिए हैं?

नई दिल्ली: भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच शोर्ड मारिन (Sjoerd Marijne) ने बुधवार को संकेत दिया कि आगामी विश्व कप और एशियाई खेलों के बीच महज 20 दिन का अंतर होने के बावजूद समान टीम उतारी जा सकती है। महिला और पुरुष हॉकी विश्व कप (FIH Hockey World Cup 2026) 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में खेला जायेगा जबकि एशियाई खेल (Asian Games 2026 or Aichi-Nagoya 2026) 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक जापान में होंगे।

Sjoerd Marijne with Indian Women Hockey Team

भारतीय महिला हॉकी टीम के साथ हेड कोच शोर्ड मारिन (फोटो क्रेडिट Sjoerd Marijne X)

विश्व कप के जरिए करेंगे एशियाई खेलों की तैयारी

ऐसी अटकलें हैं कि पुरुष वर्ग में भारत दो अलग अलग टीमें उतार सकता है लेकिन मारिन ने कहा कि वह विश्व कप के जरिये एशियाई खेलों की तैयारी करेंगे। उन्होंने पीटीआई से कहा ,'हमने इस पर बात की है। हमें 2018 का भी अनुभव है जब यही स्थिति थी। एक टूर्नामेंट से दूसरे टूर्नामेंट की तैयारी में मदद मिल सकती है। एशियाई खेल सबसे अहम है क्योंकि यह ओलंपिक क्वालीफायर है। लेकिन 2018 विश्व कप से हमारा आत्मविश्वास बढा था और हम उसी सोच के साथ खेलेंगे। विश्व कप को एशियाई खेलों की तैयारी के लिये इस्तेमाल करना है । विश्व कप में हमारे पास 20 खिलाड़ी होंगे जबकि एशियाई खेलों में 18 सदस्यीय टीम रहेगी।'

End of Feed