स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। यूएस ओपन में अब अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच गया है। बेन शेल्टन ने मेंस एकल के फाइनल में जगह पक्की कर ली है। वहीं, महिला सिंगल्स में एलेना रिबाकिना ने फाइनल में जगह पक्की कर ली है। इसके अलावा महिला युगल में टाउनसेंड और सिनियाकोवा ने खिताब जीता।
शेल्टन की होगी ज्वेरेव से भिड़ंत। फोटो- AP
अमेरिका के बेन शेल्टन ने हमवतन फ्रांसिस टियाफो को हराकर अमेरिकी ओपन मेंस एकल फाइनल में प्रवेश कर लिया, जहां उनका सामना शीर्ष वरीयता प्राप्त अलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा। शेल्टन ने 4-6, 6-3, 6-3, 7-5 से जीत दर्ज की। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में गत चैम्पियन कार्लोस अल्काराज को हराया था। अब उन्हें फ्रेंच ओपन चैम्पियन ज्वेरेव को मात देनी होगी। आखिरी बार किसी अमेरिकी मेंस खिलाड़ी ने 2003 में अमेरिकी ओपन जीता था। जब एंडी रॉडिक चैम्पियन बने थे। ज्वेरेव ने कारेन खाचानोव को 6-3, 7-6, 7-6 से हराया।
खिताब के लिए सबालेंका और रिबाकिना आमने-सामने
पिछले दो बार की चैम्पियन एरिना सबालेंका का सामना अमेरिकी ओपन महिला एकल फाइनल में एलेना रिबाकिना से होगा। सबालेंका और रिबाकिना तीसरी बार ग्रैंडस्लैम में और कैरियर में 18वीं बार एक दूसरे से खेलेंगी। सबालेंका ने सेमीफाइनल में जेसिका पेगुला को सीधे सेटों में हराया जबकि रिबाकिना ने कोको गाफ को मात दी। सबालेंका पिछले तीन टूर्नामेंटों में क्वार्टर फाइनल तक नहीं पहुंच सकी थी।
वह विम्बलडन में अंतिम 16 से बाहर हो गई थी। अमेरिकी ओपन में हालांकि छह मैचों में सिर्फ एक सेट गंवाकर उन्होंने शानदार वापसी की। वह 21 अक्टूबर 2024 से डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष पर हैं, लेकिन फाइनल का नतीजा चाहे जो हो, रिबाकिना अगली रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज हो जायेंगी। रिबाकिना ने आस्ट्रेलियाई ओपन फाइनल में सबालेंका को हराया था।
टाउनसेंड और सिनियाकोवा ने महिला युगल खिताब जीता
अमेरिका की टेलर टाउनसेंड और चेक गणराज्य की कैटरीना सिनियाकोवा ने एक टीम के रूप में कैरियर ग्रैंडस्लैम पूरा करते हुए वाइल्ड कार्डधारी एशलिन क्रूगर और रॉबिन मोंटगोमेरी को हराकर अमेरिकी ओपन महिला युगल खिताब जीत लिया। शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी ने 5-7, 6-0, 6-2 से जीत दर्ज की। तीस वर्ष की टाउनसेंड को एकल वर्ग में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी एरिना सबालेंका ने हराया था। टाउनसेंड और सिनियाकोवा ने 2024 विम्बलडन, 2025 ऑस्ट्रेलिया ओपन और इस साल फ्रेंच ओपन जीता था। यह सिनियाकोवा का 12वां ग्रैंडस्लैम है जिन्होंने चेक गणराज्य की ही बारबोरा क्रेसिकोवा के साथ सात और कोको गाफ के साथ एक खिताब जीता है।
