Rumesh Pathirage Javelin Broken: श्रीलंका के स्टार जेवलिन थ्रोअर रुमेश पथिरागे के लिए बुडापेस्ट में ऐतिहासिक जीत के बाद स्वदेश वापसी कड़वी याद बन गई। 23 साल के इस एथलीट के 5 विनिंग जेवलिन तुर्किए एयरलाइंस की फ्लाइट में क्षतिग्रस्त हो गए। यह वही भाले हैं जिनसे उन्होंने इस सीजन में 90 मीटर के पार तीन बड़े थ्रो किए थे। पथिरागे 13 सितंबर को वर्ल्ड एथलेटिक्स अल्टीमेट चैंपियनशिप में 91.09 मीटर थ्रो के साथ गोल्ड जीतने के बाद तुर्किश एयरलाइंस की फ्लाइट TK-730 से इस्तांबुल होते हुए कोलंबो लौट रहे थे। कटुनायके एयरपोर्ट पर सुबह 5:10 बजे लैंडिंग के बाद जब उन्होंने अपना स्पोर्ट्स किट खोला तो सभी भाले टूटे और मुड़े हुए मिले।
रुमेस पथिरागे (फोटो साभार- @Diamond_League/X)
तुर्किए एयरलाइंस की फ्लाइट में टूटे भाले
रुमेश ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर टूटे हुए भालों की फोटो शेयर करते हुए लिखा - "Bad Luck" और "Thank You Turkish Airlines"। एथलीट ने कहा, "विमान के अंदर मेरे सभी पांचों विनिंग जेवलिन डैमेज हो गए। इनसे मैंने जीत हासिल की थी। मैं इन्हीं से एशियन गेम्स, 2028 ओलंपिक और वर्ल्ड चैंपियनशिप में हिस्सा लेना चाहता था।" उन्होंने एयरलाइन के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक नुकसान 20 लाख श्रीलंकाई रुपये से ज्यादा का है।
करियर के सबसे सुनहरे दौर में पथिरागे
यह झटका ऐसे समय में लगा है जब पथिरागे अपने करियर के सबसे सुनहरे दौर में हैं। उन्होंने इस साल 12 में से 11 इंटरनेशनल टूर्नामेंट जीते हैं। जून में रोम में 92.62 मीटर के साथ श्रीलंका का नेशनल रिकॉर्ड बनाया, जो इस सीजन का वर्ल्ड लीड है। इसके बाद ज्यूरिख डायमंड लीग में 92.07 मीटर फेंका और फिर बुडापेस्ट में 91.09 मीटर। ये तीनों थ्रो अब टूट चुके भालों से ही आए थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- भारतीय बेटियों ने रचा इतिहास, चीन को पटखनी देकर लगातार तीसरी बार बनीं एशिया चैंपियन
नीरज चोपड़ा को हराकर जीता था कॉमनवेल्थ गोल्ड
पथिरागे ने इस साल जुलाई में ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के दो बार के ओलंपिक मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा को हराकर गोल्ड जीता था। यह 1950 के बाद श्रीलंका का पहला एथलेटिक्स गोल्ड था। इसके बाद ब्रसेल्स में डायमंड लीग फाइनल जीतने वाले वह श्रीलंका के पहले एथलीट बने। इस जीत के लिए उन्हें 1.5 लाख डॉलर यानी करीब 5 करोड़ श्रीलंकाई रुपये की प्राइज मनी भी मिली। अब सबकी नजर आइची-नागोया एशियन गेम्स पर है, जो शनिवार से शुरू हो रहे हैं। नीरज चोपड़ा चोट के कारण बाहर हैं और पाकिस्तान के अरशद नदीम फॉर्म में नहीं हैं, ऐसे में पथिरागे गोल्ड के सबसे बड़े दावेदार हैं। लेकिन हाई-परफॉर्मेंस जेवलिन कोई आम सामान नहीं है। हर भाले का बैलेंस, वजन और स्टिफनेस अलग होता है और एथलीट महीनों तक एक ही भाले से प्रैक्टिस कर लय बनाता है।
