सिंगापुर ओपन के सेमीफाइनल में खत्म हुआ सात्विक-चिराग की जोड़ी का सफर

सात्विक साईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी का सिंगापुर ओपन में सेमीफाइनल में खत्म हो गया। मलेशिया की आरोन चिया और सोह वूई यिक को जोड़ी से भारतीय जोड़ी पार नहीं पा सकी।

सिंगापुर: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय जोड़ी का सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट में शानदार सफर पुरुष युगल के सेमीफाइनल में शनिवार को मलेशिया के आरोन चिया और सोह वूई यिक के खिलाफ हार के साथ खत्म हो गया। विश्व की पूर्व नंबर एक भारतीय जोड़ी पहले गेम की बढ़त को भुनाने में नाकाम रही और 64 मिनट तक चले मुकाबले को 21-19, 10-21, 18-21 से गंवा बैठी। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने जबरदस्त धैर्य और जज्बे का प्रदर्शन कर सात मैच प्वाइंट बचाए लेकिन यह उन्हें हार से बचाने के लिए काफी नहीं था।

Satwiksairaj Rankireddy Chirag Shetty

सात्विक साईराज रंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी

सात्विक और चिराग की जोड़ी चोट और फिटनेस संबंधी समस्याओं के कारण लंबे समय तक खेल से दूर रही जिससे यह जोड़ी विश्व रैंकिंग में 27वें पायदान पर खिसक गयी। पेरिस ओलंपिक में इस भारतीय जोड़ी के सफर पर क्वार्टर फाइनल में विराम लगाने वाली मलेशियाई जोड़ी ने एक बार फिर शुरुआत गेम गंवाने के बाद मजबूत वापसी की। भारतीय जोड़ी के लिए यह इस साल तीसरा सेमीफाइनल था। यह जोड़ी इससे पहले इंडिया ओपन और मलेशिया ओपन में अंतिम चार में पहुंची थी।

End of Feed