टीम इंडिया ने डकवर्थ लुईस नियम के तहत पहला वनडे 5 विकेट से जीत लिया। बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में भारत को 32 ओवर में 143 रन का संशोधित लक्ष्य मिला था, जिसे उसने 22.4 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस मुकाबले में टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल एक खास डिवाइस 'टेम्पल' पहले नजर आए। हालांकि, मैच से पूर्व प्रैक्टिस के दौरान उनकी इस तरह की पहली तस्वीर सामने आई है। भारतीय बैडमिंटन स्टार सिंधू इस डिवाइस का इस्तेमाल पहले से कर रही हैं। ऐसे में उनसे इस डिवाइस और गिल द्वारा इसके इस्तेमाल पर सवाल किया गया। इसके जवाब में सिंधू ने कहा कि रिकवरी खिलाड़ी के प्रदर्शन का अहम हिस्सा है और नींद, हृदयगति परिवर्तनशीलता (एचआरवी) और मानसिक प्रदर्शन से खिलाड़ियों को अपने शरीर को बेहतर समझने में मदद मिलती है। इसके लिए वह जो चाहे तरीका अपना सकते हैं।
पीवी सिंधू और शुभमन गिल (साभार-x)
सिंधू ने दी गिल को सलाह
यह पूछने पर कि वह गिल को अपने प्रदर्शन में सुधार के लिये इस उपकरण से डेटा ट्रैक करने को लेकर क्या सलाह देना चाहेंगी, सिंधू ने कहा,’’मुझे यकीन है कि उसे अपनी कुछ चीजों पर ध्यान देना होता होगा, क्योंकि उनके खेल में रिकवरी एक बहुत अहम पहलू है जिसका हर किसी को ध्यान रखना चाहिए।’’
उन्होंने कहा,’’ जब आप डेटा देखते हैं, तो आपको पता चलता है कि आपके शरीर की स्थिति क्या है, रिकवरी कैसी हो रही है, या नींद कैसी है। यह हर व्यक्ति पर निर्भर करता है। मुझे लगता है कि एक एथलीट के लिए रिकवरी सबसे महत्वपूर्ण चीज है।’’
विराट से मिली थी मदद
भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली से बातचीत के बारे में सिंधू ने कहा कि जब वह खराब दौर से गुजर रही थी तो कोहली की सलाह ने उनकी काफी मदद की। उन्होंने कहा ,’’ मैने विराट से बात की और वह शानदार इंसान है। उनकी बातों से मुझे काफी प्रेरणा मिली। जब मैं खराब दौर से गुजर रही थी तो उसने बताया कि कैसे मनोबल बनाये रखना है। मुझे क्या करना चाहिये और इससे मुझे काफी मदद मिली।’’
उन्होंने पूर्व ओलंपिक चैम्पियन नीरज चोपड़ा से बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि दूसरे खेलों के खिलाड़ियों से बातचीत से काफी सीखने को मिलता है, मसलन वे सफलता और असफलता से कैसे निपटते हैं।
