म्यूनिख: पेरिस सेंट-जर्मेन (PSG) ने शनिवार रात म्यूनिख के एलियांज एरिना में खेले गए खिताबी मुकाबले में इंटर मिलान को 5-0 के अंतर से करारी मात देकर पहली बार UEFA चैंपियंस लीग खिताब अपने नाम करके इतिहास रच दिया। ये हाल कि दिनों में फुटबॉल जगत में किसी भी टीम की फाइनल में सबसे बड़ी जीत है। इस तरह एकतरफा अंदाज में किसी टीम ने फाइनल में जीत हासिल नहीं की थी। 19 वर्षीय फ्रांसीसी फॉरवर्ड डेजायर डू फाइनल में पीएसजी की जीत के हीरो रहे। उन्होंने पांच में से दो गोल किए और एक गोल करने में सहयोग किया।
पीएसजी यूएफा चैंपियंस लीग चैंपियन
डेजायर डू ने किए दो गोल
पीएसजी का मैच में दबदबा देखने को मिला। मैच में पहला गोल अचरफ हकीमी ने 12वें मिनट में किया और पीएसजी को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद 20वें मिनट में डेजायर डू ने एक डिफलेक्शन को गोल में तब्दील करके बढ़त को दोगुना कर दिया। हाफ टाइम में पीएसजी ने 2-0 की बढ़त इंटर मिलान के खिलाफ बना ली थी।
ख्विचा क्वारात्सखेलिया ने किया चौथा गोल
माना जा रहा था कि इंटर मिलान की टीम सेकेंड हाफ में जवाबी हमला करेगी। लेकिन हुआ इसके उलट। शानदार प्रदर्शन करते हुए डेजायर डू ने 63वें मिनट में एक और गोल करके पीएसजी को 3-0 की बढ़त दिला दी। दस मिनट बाद 73वें मिनट में उस्मान डेम्बले के बेहतरीन पास को ख्विचा क्वारात्सखेलिया ने मिलान के गोल पोस्ट पर भेजकर अपनी टीम को 4-0 से आगे कर दिया।
इंटर मिलान को मिली शर्मनाक हार
पीएसजी ने खिताब तकरीबन अपने नाम कर लिया था। ऐसे में सब्स्टीट्यूट प्लेयर के रूप में खेलने उतरे सेनी मायुलू ने 87वें मिनट में गोल करके पीएसजी को 5-0 से आगे कर दिया और अंत में टीम की ऐतिहासिक और यादगार जीत दिला दी।
