वर्ल्ड नंबर 3 और भारत की उभरती हुई बॉक्सर प्रीति पवार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के 54 किलोग्राम भारवर्ग में अपनी जगह पक्की कर ली। मेडल पहले ही पक्का कर चुकी प्रीति ने सेमीफाइनल मुकाबले में जांबिया की कैथरीन म्वापे 5-0 से हराकर अपने मेडल का रंग सिल्वर कर लिया है और अब उनकी नजर गोल्ड मेडल पर होगी। अपना पहला ही कॉमनवेल्थ गेम्स खेल रही प्रीति ने अपनी विपक्षी पर पूरे बाउट के दौरान हावी रहीं। एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीतकर भारतीय मुक्केबाजी में अपनी मजबूत पहचान बनाने वाली प्रीति की यह पहली बड़ी उपलब्धि है। 54 किलोग्राम भारवर्ग के फाइनल मुकाबले में शनिवार को उनका सामना कनाडा की सकार्लेट डेलगाडो (scarlet Delgado) से होगा।
प्रीति पवार (साभार-X)
प्रीति ने दर्ज की एकतरफा जीत
क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भी प्रीति ने एकतरफा जीत हासिल की थी। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लाइड को एकतरफा अंदाज में 5-0 से हराया था। प्रीति सेमीफाइनल में भी उसी अंदाज में उतरी थी। उनके आक्रामक पंच का जवाब कैथरीन के पास नहीं था। उन्होंने पहला राउंड 10-8 से अपने पक्ष में किया जबकि दूसरे राउंड में भी उन्होंने इसी प्रदर्शन को दोहराते हुए 10-8 से अपने नाम किया। तीसरा राउंडर प्रीति ने 10-9 से जीता और अपने मेडल का रंग बदल दिया।जीत के बाद प्रीति ने कहा 'मैं किसी भी प्रतिद्वंद्वी को हल्के में नहीं लेती। अपने कोच के साथ हर मुकाबले की पूरी तैयारी करती हूं और खुशी है कि उन योजनाओं को अमल में ला पा रही हूं।’
