Mirabai Chanu Gold Medal, CWG 2026: मीराबाई चानू ने राष्ट्रमंडल खेलों में पूरी की गोल्ड मेडल की हैट्रिक, पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

भारत की गोल्डन गर्ल मीराबाई चानू ने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत को पहला गोल्ड मेडल दिलाया और इन खेलों में अपनी गोल्डन हैट्रिक पूरी कर ली। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है।

नई दिल्ली: भारतीय भारोत्तोलन की गोल्डन गर्ल मीराबाई चानू ने ग्लास्गो में चल रहे 23वें राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 48 किग्रा भारवर्ग स्पर्धा में कुल 190 किग्रा वजन ( 85 स्नैच और 105 क्लीन एंड जर्क) उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। ओलंपिक खेलों की सिल्वर मेडल विजेता चानू का राष्ट्रमंडल खेलों में लगातार तीसरा स्वर्ण पदक है। इस स्वर्णिम सिलसिले की शुरुआत चानू गोल्ड कोस्ट में साल 2018 में की थी, इसके बाद उन्होंने साल 2022 में बर्मिंघम में और अब ग्लास्गो में गोल्ड मेडल अपने नाम करने में सफल रहीं। साल 2014 में चानू ने ग्लास्गो में सिल्वर मेडल जीता था। यह भारत का मौजूदा राष्ट्रमंडल खेलों में पहला गोल्ड और कुल तीसरा पदक है। इससे पहले ऋषिकांत सिंह ने आज भारोत्तल में पुरुषों के 60 किग्रा भारवर्ग में सिल्वर मेडल जीता था। वहीं झंडू सिंह ने पॉवरलिफ्टिंग में कांस्य पदक भारत को शनिवार को दिलाया था।

Mirabai Chanu

ग्लास्गो राष्टमंडल खेलों में गोल्ड मेडल जीतने के बाद मीराबाई चानू

चानू ने एक बार फिर साबित की अपनी काबीलियत

पीएम नरेंद्र मोदी ने ग्लास्गो 2026 में गोल्ड मेडल जीतने पर मीराबाई चानू को बधाई देते हुए कहा, 'भारतीय वेटलिफ्टिंग में एक और शानदार अध्याय! प्रतिभाशाली मीराबाई चानू ने कॉमनवेल्थ गेम्स में 48 किलोग्राम कैटेगरी में शानदार प्रदर्शन करते हुए और गोल्ड मेडल जीतकर एक बार फिर अपनी काबिलियत साबित की है। कॉमनवेल्थ गेम्स में कुल मिलाकर चौथा मेडल जीतने वाली मीराबाई हर भारतीय के लिए प्रेरणा बनी हुई हैं। उन्हें बधाई और भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।'

End of Feed