Anahat Singh: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि अनाहत जैसे युवा खिलाड़ी देश में स्क्वैश को नई पहचान दिला रहे हैं और आने वाले समय में यह खेल युवाओं के बीच बेहद लोकप्रिय होगा। गौरतलब है कि भारत की नंबर-1 महिला स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने इतिहास बना दिया। 17 साल की अनाहत विश्व जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप का खिताब जीतने वाली देश की पहली खिलाड़ी बन गई हैं। कनाडा के ओंटारियो में खेले गए फाइनल में अनाहत ने मिस्र की टॉप सीड रुकय्या सलेम को एकतरफा अंदाज में 11-3, 11-7, 11-9 से हराया। वर्ल्ड रैंकिंग में 20वें स्थान पर काबिज अनाहत के लिए यह जीत बेहद खास थी।
अनाहत सिंह और पीएम मोदी (फोटो साभार- @narendramodi)
पीएम मोदी ने की जमकर तारीफ
खिताब जीतने के बाद भावुक अनाहत ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत बड़ा पल है। अभी भी यकीन नहीं हो रहा। लग रहा है जैसे कोई सपना सच हुआ है।” दिल्ली की इस युवा खिलाड़ी का जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप से पुराना हिसाब था। पिछले 4 साल से वह क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में अटक कर रह जाती थीं। अनाहत ने खुद माना, “मैं हमेशा कहती थी कि ये टूर्नामेंट मेरे लिए अभिशाप है। यहां मैं कभी अच्छा नहीं कर पाती थी।” इस बार उन्होंने न सिर्फ उस 'अभिशाप' को तोड़ा, बल्कि गोल्ड के साथ विदाई ली। यह जीत इसलिए भी अहम है क्योंकि यह जूनियर सर्किट में अनाहत का आखिरी साल था। उन्होंने कहा, “मुझे पता था ये आखिरी मौका है और इसे मैं किसी कीमत पर गंवाना नहीं चाहती थी। इसलिए हर मैच में 100% दिया।”
अनाहत की जीत पर SRFI ने भी की तारीफ
अनाहत की इस ऐतिहासिक जीत पर स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया SRFI ने भी गर्व जताया। महासचिव साइरस पोंचा ने कहा, “यह भारतीय स्क्वैश के लिए ऐतिहासिक दिन है। हमारे संरक्षक दिवंगत एन रामचंद्रन का सपना था कि भारत सिंगल्स में विश्व चैंपियन बनाए। हमने डबल्स में वो कर लिया था, आज अनाहत ने सिंगल्स में भी वो सपना पूरा कर दिया।”पोंचा ने कहा कि अनाहत की मेहनत के पीछे पूरे देश का समर्थन रहा।
