स्पोर्ट्स

PKL 12: यू मुंबा ने तमिल थलाइवाज को रोमांचक मुकाबले में हराया, अजीत चौहान और अनिल मोहन बने जीत के हीरो

यू मुंबा ने अजीत चौहान और अनिल मोहन के शानदार प्रदर्शन की बदौलत तमिल थलाइवाज के खिलाफ शानदार और रोमांचक जीत दर्ज की। तमिल थलाइवाज के अर्जुन देशवाल की मेहनत पर पानी फिर गया।

Image

यु मुंबा बनाम तमिल थलाइवाज (फोटो क्रेडिट PKL)

विशाखापत्तनम: प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) सीजन 12 में यू मुंबा ने रविवार को तमिल थलाइवाज के खिलाफ 36-33 से रोमांचक जीत दर्ज की। विश्वनाथ स्पोर्ट्स क्लब में अर्जुन देशवाल के सुपर टेन ने थलाइवाज को पूरे मुकाबले में मजबूती दी, लेकिन अजीत चौहान और अनिल मोहन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबले का रुख पलट दिया। एक समय था, जब यू मुंबा नौ अंकों से पिछड़ रही थी, लेकिन टीम ने शानदार वापसी करते हुए तीन अंक से मुकाबला अपने नाम किया। अजीत चौहान ने सफल रेड के जरिए मुंबई को सीजन के पांचवें मुकाबले की शुरुआती बढ़त दिलाई, लेकिन 16वें मिनट में अर्जुन देशवाल की 'डू ऑर डाई' रेड ने मुकाबले का रुख थलाइवाज के पक्ष में मोड़ दिया।

फर्स्ट हॉफ में तमिल थलाइवाज के पास थी बढ़त

पहले हॉफ के टाइमआउट के बाद, दोनों टीमों ने बढ़त बदली। अनिल मोहन ने मैट पर सिर्फ एक खिलाड़ी शेष रहते हुए अहम रेड लगाई। उन्होंने एक टच प्वाइंट और एक बोनस प्वाइंट हासिल किया। इसके बाद रिंकू ने एक सुपर टैकल लगाकर यू मुंबा को मैच में बनाए रखा। हाफ टाइम तक, पवन ने सुनील कुमार को आउट करके थलाइवाज को 14-11 से आगे कर दिया। पहले हाफ के खेल तक थलाइवाज के पास 9 रेड प्वाइंट्स थे, जबकि मुंबई सिर्फ 5 ही रेड प्वाइंट्स हासिल कर सकी। टैकल प्वाइंट में भी थलाइवाज 5-4 से आगे थी।

सेकेंड हाफ में यू मुंबा हुई ऑलआउट

यू मुंबा को दूसरे हाफ की शुरुआत में ऑल आउट करने से थलाइवाज की बढ़त मजबूत हो गई। अर्जुन देशवाल ने दो मैचों में अपना दूसरा सुपर टेन पूरा किया, जबकि नितेश कुमार ने अजीत चौहान को आउट करके चमक बिखेरी। इसके तुरंत बाद, पवन ने दो और अंक जोड़कर थलाइवाज को नौ अंकों की बढ़त दिलाई। अजीत चौहान और अनिल मोहन ने बढ़त बनाते हुए पांच मिनट पहले ही अंतर को सिर्फ दो अंकों तक सीमित कर दिया। इसी के साथ यू मुंबा ने शानदार वापसी की।

यू मुंबा ने थलाइवाज को ऑलआउट करके पलटा पासा

इस दबाव का असर यू मुंबा पर नजर आ रहा था, उन्होंने न केवल एक और ऑल आउट होने से बचाया, बल्कि थलाइवाज को एक बार फिर ऑल आउट करके मुकाबला अपने पक्ष में कर लिया। दूसरे हाफ में मुंबई ने पासा पलटते हुए 13 रेड प्वाइंट्स हासिल किए, जबकि थलाइवाज सिर्फ 11 ही अंक जुटा सकी। वहीं, टैकल प्वाइंट्स में भी मुंबई 7-6 से आगे रही।

(IANS)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article