Paris Olympics 2024, Hockey, Miraranjan Negi Statement: पेरिस ओलंपिक में भारत के कांस्य पदक जीतने पर प्रसन्नता जताते हुए पूर्व गोलकीपर मीररंजन नेगी ने गुरुवार को कहा कि इस विजय में अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश का बड़ा हाथ है और उनका विदाई मैच यादगार रहा। भारतीय हॉकी टीम ने "प्लेऑफ" में स्पेन को 2-1 से हराकर पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीत लिया। इस जीत के साथ ही श्रीजेश ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी को अलविदा कह दिया।
पीआर श्रीजेश। (फोटो- jio cinema X)
नेगी ने पीटीआई-भाषा से कहा,‘यह श्रीजेश का आखिरी मैच था और हम उम्मीद कर रहे थे कि उनकी विदाई भारत को कांस्य पदक मिलने के साथ हो। बेहद खुशी की बात है कि ऐसा ही हुआ।" उन्होंने जोर देकर कहा कि स्पेन पर भारत की जीत में श्रीजेश के उम्दा प्रदर्शन का बड़ा हाथ है।
नेगी ने कहा,‘‘मैंने पिछले 20 सालों में ऐसा कोई गोलकीपर नहीं देखा, तो श्रीजेश के आस-पास भी ठहरता हो। उनका शांत स्वभाव और खुशमिजाजी के साथ लगातार टीम का हौसला बढ़ाने की उनकी क्षमता गजब की है।’’ भारत ने तोक्यो ओलंपिक में जर्मनी को हराकर हॉकी में कांस्य पदक जीता था और अब पेरिस ओलंपिक में स्पेन को परास्त करके इस कारनामे को दोहराया है।
नेगी ने कहा कि स्पेन के खिलाफ बृहस्पतिवार को खेले गए मुकाबले में श्रीजेश के शानदार प्रदर्शन ने जर्मनी के खिलाफ पिछले ओलंपिक में खेले गए मैच की याद दिला दी। उन्होंने कहा,‘‘मुकाबले के आखिरी पल बचे थे और आक्रामक जर्मनी लगातार गोल दागने की कोशिश कर रहा था। श्रीजेश ने उस मैच भी गोल बचाकर भारत को जीत दिलाई थी।"
(भाषा)
