पेरिस। मार्टा कोस्त्युक ने रविवार को चार बार की चैंपियन इगा स्वियातेक को 7-5, 6-1 से हराकर पहली बार फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई और इस तरह से उनके जन्मदिन की पार्टी में रंग में भंग डाल दिया। कोस्त्युक ने इस सत्र में अभी तक क्ले कोर्ट पर कोई मैच नहीं गंवाया है। इससे पहले स्वियातेक के खिलाफ उन्हें तीन मैच में हार का सामना करना पड़ा था। यहां तक की उन्होंने विश्व की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी के खिलाफ अभी तक एक सेट भी नहीं जीता था।
कोस्त्युक ने स्वियातेक को हराया। फोटो- AP
रविवार को अपना 25वां जन्मदिन मना रही स्वियातेक ने पहले सेट में अच्छी चुनौती पेश की, लेकिन इसके बाद कोस्त्युक हावी हो गई और सीधे सेटों में जीत दर्ज करके पहली बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रही। स्वियातेक ने 2024 में फ्रेंच ओपन जीता था, लेकिन उसके बाद वह क्लेकोर्ट पर कोई खिताब नहीं जीत पाई। सत्र के अंत में संन्यास लेने की योजना बना रही रोमानियाई अनुभवी खिलाड़ी सोराना क्रिस्टिया ने चीन की क्वालीफायर वांग जियू को 6-3, 7-6 (4) से हराकर अपने दूसरे रोलां गैरां क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। इस तरह उन्होंने 17 साल बाद पहली बार अंतिम आठ में जगह बनाई।
कोको गॉफ का अभियान समाप्त, नाओमी ओसाका अगले दौर में
मौजूदा चैंपियन कोको गॉफ का फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के महिला एकल में खिताब का बचाव करने का सफर तीसरे दौर में ही थम गया, लेकिन नाओमी ओसाका ने अपना शानदार अभियान जारी रखा। गॉफ को इस मैच में एक ऐसी खिलाड़ी ने पराजित किया जिसने लंबी बेसलाइन रैलियों और कोर्ट कवरेज में इस अमेरिकी खिलाड़ी का डटकर मुकाबला किया।
यह खिलाड़ी अनास्तासिया पोटापोवा थीं, जिन्होंने शनिवार को तीसरे दौर में गॉफ पर 4-6, 7-6 (1), 6-4 से जीत हासिल की। इससे पहले ओसाका ने अपने 100वें ग्रैंड स्लैम मैच में लगभग तीन घंटे में 18 वर्षीय अमेरिकी प्रतिद्वंद्वी इवा जोविक को 7-6 (5), 6-7 (3), 6-4 से हराया। ओसाका का अगला मुकाबला नंबर एक खिलाड़ी एरीना सबालेंका से होगा जिन्होंने डारिया कसाटकिना को 6-0, 7-5 से हराया।
मेंस वर्ग में अलेजांद्रो तबिलो ने 17 वर्षीय फ्रांसीसी खिलाड़ी मोइसे कौमे को 4-6, 6-3, 6-4, 7-6 (9) से पराजित किया। उनका सामना अब फेलिक्स ऑगर-एलियासिमे से होगा, जिन्होंने अमेरिका के ब्रैंडन नाकाशीमा को 5-7, 6-1, 7-6 (4), 7-6 (1) से हराया। जुआन मैनुअल सेरुंडोलो ने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी यानिक सिनर को हराने के बाद फिर से पांच सेट की जीत दर्ज की। उन्होंने मार्टिन लैंडालुस को पांच घंटे, 58 मिनट में 6-4, 6-7 (7), 7-6 (4), 6-7 (4), 7-6 (8) से हराया।
सेरुंडोलो का अगला मुकाबला 2021 में विंबलडन के फाइनलिस्ट रहे माटेओ बेरेटिनी से होगा, जिन्हें फ्रांसिस्को कोमेसाना को 7-6 (3), 5-7, 6-7 (4), 6-4, 7-6 (13) से हराने में पांच घंटे, 13 मिनट लगे। फ्लेवियो कोबोली ने लर्नर टिएन को 6-2, 6-2, 6-3 से हराया और अब उनका सामना अमेरिकी खिलाड़ी ज़ैचरी स्वाज्दा से होगा, जिन्होंने फ्रांसिस्को सेरुंडोलो को 6-3, 6-4, 3-6, 4-6, 6-3 से पराजित किया। अमेरिका के फ्रांसिस टियाफो ने पुर्तगाल के क्वालीफायर जैमे फारिया को 4-6, 6-7 (2), 7-6 (4), 6-1, 6-2 से हराया। अब उनका अगला मुकाबला मैटियो अर्नाल्डी से होगा।
