स्पोर्ट्स

Hero Asia Cup 2025: राजगीर में शुक्रवार को होगा 12वें एशिया कप का आगाज, हॉकी इंडिया ने दर्शकों को दी मुफ्त टिकटों की सौगात

बिहार के राजगीर में पुरुषों की हॉकी के 12वें एशिया कप का आगाज शुक्रवार 29 अगस्त को होने जा रहा है। टूर्नामेंट में आठ टीमें भाग ले रही है। हॉकी इंडिया ने टूर्नामेंट के लिए मुफ्त टिकट देने का ऐलान किया है।

Image

हीरो हॉकी एशिया कप 2025

पटना: हीरो पुरुष एशिया हॉकी कप 2025 के इंतजार की घड़ी आखिरकार खत्म हो गई। शुक्रवार 29 अगस्त को बिहार के राजगीर में हॉकी दिग्गज मेजर ध्यानचंद की जयंती 'राष्ट्रीय खेल दिवस' पर पर 12वें हॉकी एशिया कप का आगाज होने जा रहा है। टूर्नामेंट में आठ शीर्ष एशियाई देश, भारत, जापान, चीन, कजाकिस्तान, मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे की टीमें हिस्सा ले रही हैं। सभी टीमें राजगीर पहुंच चुकी हैं जहां हीरो एशिया कप 2025 के लिए 10 दिन एक दूसरे के साथ प्रतिस्पर्धा करती दिखाई देंगी। राजगीर के विभिन्न होटलों में खिलाड़ियों के ठहरने के लिए पर्याप्त सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जबकि भारतीय हॉकी टीम के सदस्य खेल परिसर में ठहरेंगे। टूर्नामेंट के सभी मैच 29 अगस्त से 7 सितंबर तक राजगीर के अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला 7 सितंबर को खेला जाएगा।

एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के लिए है ये क्वालीफायर टूर्नामेंट

सभी आठ टीमों के लिए यह टूर्नामेंट इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफायर टूर्नामेंट भी है। इस वजह से इस आयोजन की महत्ता और बढ़ गई है। इससे पहले आयोजित एशिया कप के 11 संस्करणों में सबसे ज्यादा 5 खिताब डिफेंडिग चैंपियन दक्षिण कोरिया ने जीते हैं। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक-सह-सीईओ रवींद्रन शंकरन ने कहा,'यह पहली बार है कि पुरुष एशिया हॉकी कप बिहार के राजगीर में आयोजित किया जा रहा है। यह एशिया कप का 12वां संस्करण है जिसमें आठ टीमें भाग ले रही हैं।' उन्होंने बताया कि अब तक आयोजित 11 संस्करणों में से, गत विजेता दक्षिण कोरिया पुरुष एशिया कप में भाग लेने वाली सबसे सफल टीम है, क्योंकि उसने 1994, 1999, 2009, 2013 और 2022 में पांच बार खिताब जीता है, जबकि मेजबान भारत 2003, 2007 और 2017 में खिताबी जीत हासिल करने में सफल रहा है। टूर्नामेंट से नाम वापस ले चुके पाकिस्तान ने भी 1982, 1985 और 1989 में तीन बार यह खिताब जीता है।

हॉकी मैच देखने के लिए निःशुल्क टिकट

हॉकी प्रशंसकों को स्टेडियम में मैच देखने के लिए आकर्षित करने हेतु, हॉकी इंडिया ने पहले ही घोषणा कर दी है कि राजगीर में होने वाले एशिया कप के सभी मैचों में प्रवेश निःशुल्क होगा। प्रशंसक www.ticketgenie.in या हॉकी इंडिया ऐप पर जाकर अपने निःशुल्क टिकट के लिए पंजीकरण कर सकते हैं, जहां प्रक्रिया पूरी होने पर उन्हें एक वर्चुअल टिकट प्राप्त होगा। आयोजन स्थल पर किसी भी तरह की भीड़भाड़ से बचने और प्रशंसकों को बिना किसी खर्च के विश्वस्तरीय हॉकी के रोमांच का आनंद लेने के लिए ये व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे यह खेल पहले से कहीं अधिक सुलभ हो गया है। टूर्नामेंट में कुल 24 मैच खेले जाएंगे; टूर्नामेंट के पहले दिन 29 अगस्त को 4 मैच खेले जाएंगे।

ग्रुप ए में मिली है भारतीय टीम को जगह

मेजबान भारत को पूल ए में जापान, चीन और कज़ाकिस्तान के साथ रखा गया है। वे अपने अभियान की शुरुआत 29 अगस्त को चीन के खिलाफ करेंगे, उसके बाद 31 अगस्त को जापान से और 1 सितंबर को कज़ाकिस्तान के खिलाफ अपना अंतिम पूल मैच खेलेंगे। पूल ए में, भारत-चीन मैच के अलावा, जापान और कजाकिस्तान भी पहले दिन भिड़ेंगे। जबकि, पूल बी में मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे शामिल हैं। उद्घाटन मैच मलेशिया और बांग्लादेश के बीच खेला जाएगा, जबकि पहले दिन का दूसरा मैच कोरिया और चीनी ताइपे के बीच खेला जाएगा।

बिहार में निकाली गई ट्रॉफी गौरव यात्रा

हॉकी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बिहार के विभिन्न जिलों और देश के विभिन्न राज्यों में 'ट्रॉफी गौरव यात्रा' निकाली गई है। यह यात्रा 29 अगस्त को राजगीर पहुंचकर समाप्त होगी। 7 सितंबर, 2025 को होने वाले फाइनल मैच तक कुल 24 मैच खेले जाएंगे। बिहार में पुरुष हॉकी एशिया कप की मेजबानी,गर्व की बात हीरो एशिया कप 2025 की मेजबानी को बिहार के लिए गर्व की बात बताते हुए, शंकरन ने कहा कि "यह (एशिया कप की मेजबानी) न केवल राज्य की अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने की क्षमता को प्रदर्शित करेगा, बल्कि पर्यटन, कला और संस्कृति के क्षेत्र में बिहार की वैश्विक छवि को भी मज़बूत करेगा।"

शंकरन ने कहा,'राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का विश्व स्तरीय हॉकी स्टेडियम इस आयोजन को और भी भव्य बना देगा। हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन बिहार के लिए ऐतिहासिक है, जो राज्य को खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में वैश्विक मंच पर स्थापित करेगा।'

बिहार द्वारा आयोजित प्रमुख खेल आयोजन

राजगीर स्थित खेल परिसर ने बिहार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाई है क्योंकि राज्य पहले ही कई टूर्नामेंट/चैंपियनशिप का सफलतापूर्वक आयोजन कर चुका है, जैसे नवंबर 2024 में महिला एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी, जिसमें छह टीमों ,भारत, मलेशिया, जापान, चीन, थाईलैंड और कोरिया ने भाग लिया था। इस वर्ष मई (2025) में खेलो इंडिया यूथ गेम्स राजगीर सहित बिहार के पांच शहरों में आयोजित किए गए, जहां प्रमुख आयोजन हुए। सेपक टकरा विश्व कप 2025 का आयोजन पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में किया गया था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article