एम्सटरडर्म: एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने इंग्लैंड की महिला टीम को ग्रुप डी के खेले गए मुकाबले में 0-0 की बराबरी पर रोककर अगले दौर में एंट्री कर ली है। भारत और इंग्लैंड के बीच मैच में कांटे की टक्कर देखने को मिली लेकिन दोनों टीमों एक दूसरे के गोल पोस्ट को भेद पाने में नाकाम रहीं। दोनों टीमों को मैच में कुल 18 पेनल्टी कॉर्नर (भारत 6 और इंग्लैंड 12 ) मिले लेकिन कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी। एम्सटरडर्म के वैगनर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड की टीम भारत के खिलाफ ड्रॉ खेलकर टूर्नामेंट से बाहर हो गई।
भारतीय महिला हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट Hockey India X)
कांटे की हुई दोनों टीमों के बीच टक्कर
भारत और इंग्लैंड के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मैच के सेकेंड हॉफ में इंग्लैंड की टीम ने गोल करने की पुरजोर कोशिश की लेकिन भारतीय डिफेंस और गोलकीपर ने उनकी हर कोशिश को नाकाम कर दिया। मैच के आखिरी 3 मिनट में इंग्लैंड ने गोलकीपर को भी हटा दिया लेकिन अंतिम मिनट में भारतीय गोलकीपर ने शानदार सेव करके भारत को विश्व कप से पहले ही राउंड में बाहर होने से बचा लिया। अगले दौर में भारतीय टीम को नीदरलैंड या ऑस्ट्रेलिया में से किसी एक से भिड़ंत हो सकती है।
दूसरे दौर में पहुंची भारतीय महिला टीम
भारत ग्रुप डी में इस मुकाबले से पहले 4 अंक के साथ दूसरे नंबर पर चीन के बाद था जिसके खाते में सात अंक हैं। इंग्लैंड के खाते में 3 अंक थे। भारत के खिलाफ जीत ही उसे दूसरा राउंड में पहुंचा सकती थी। भारतीय टीम के पास ड्रॉ या जीत दो विकल्प थे। ऐसे में भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ ड्रॉ खेलकर 5 अंक तक पहुंच गई और इंग्लैंड को 4 अंक के साथ तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। भारतीय महिला टीम ने ग्रुप दौर में कोई मैच नहीं गंवाया। भारतीय टीम ने चीन के खिलाफ 2-2 की बराबरी करके टूर्नामेंट में शुरुआत की थी। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से रौंदकर रिकॉर्ड जीत दर्ज की और अब इंग्लैंड को 0-0 की बराबरी पर रोककर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं।
