FIH Hockey Women's Nations Cup: भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी महिला नेशंस कप के सेमीफाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए चिली को 6-0 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत ने फाइनल में जगह पक्की कर ली है जहां रविवार को उसका मुकाबला न्यूजीलैंड से होगा। टूर्नामेंट में यह भारत की लगातार चौथी जीत है। भारत ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। छठे मिनट में नवनीत कौर ने पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को बढ़त दिलाई। 13वें मिनट में कप्तान सलीमा टेटे ने बाएं फ्लैंक से तेज दौड़ लगाकर गेंद नवनीत को दी और उन्होंने अपना दूसरा गोल दाग दिया। एक मिनट बाद ही 14वें मिनट में दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 3-0 कर दिया।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने चिली को 6-0 से रौंदा (फोटो साभार-hockeyindia)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- भारत में फिर होगी फॉर्मूला-1 रेस की वापसी, खेलमंत्री ने टास्क फोर्स बनाने की कही बात
भारतीय टीम ने दिखाया दमदार खेल
18वें मिनट में दीपिका ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील किया। इस गोल के साथ दीपिका टूर्नामेंट में 6 गोल के साथ टॉप स्कोरर बन गई हैं। हाफ टाइम तक भारत 4-0 से आगे था।दूसरे हाफ में भी भारत का आक्रमण जारी रहा। 32वें मिनट में नेहा ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर 5-0 कर दिया। 39वें मिनट में रूतुजा पिसाल ने शानदार रिवर्स हिट पर भारत का छठा गोल दागा। चिली ने आखिरी क्वार्टर में वापसी की कोशिश की और कुछ मौके बनाए, लेकिन अनुभवी गोलकीपर सविता पूनिया ने बेहतरीन बचाव करते हुए क्लीन शीट बरकरार रखी। सविता ने चिली के हर हमले को नाकाम किया।
फाइनल में न्यूजीलैंड से होगा मुकाबला
कप्तान सलीमा टेटे को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। उन्होंने मिडफील्ड में कमाल का खेल दिखाया और दो गोल में असिस्ट भी किए। भारत का डिफेंस और पेनल्टी कॉर्नर कन्वर्जन इस मैच में सबसे बड़ा अंतर रहा।दूसरे सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने अमेरिका को शूटआउट में 4-1 से हराया। निर्धारित समय तक स्कोर 1-1 था। अब फाइनल में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा। टीम इंडिया खिताब से एक कदम दूर है और मौजूदा फॉर्म को देखकर उसकी दावेदारी मजबूत लग रही है।
