FIDE World Cup 2025: प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंचे अर्जुन एरिगेसी और पी हरिकृष्णा, आर प्रज्ञानानंदा हुए विश्व कप से बाहर

भारत के युवा शतरंज स्टार आर प्रज्ञानानंदा गोवा में चल रहे फिडे वर्ल्ड कप से बाहर हो गए हैं वहीं र्जुन एरिगेसी और पी हरिकृष्णा ने प्री क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

पणजी (गोवा): ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगेसी और पी हरिकृष्णा के लिए बृहस्पतिवार का दिन अच्छा रहा जिसमें दोनों ने शतरंज विश्व कप के चौथे दौर के टाईब्रेकर में क्रमश: हंगरी के अनुभवी पीटर लेको और स्वीडन के निल्स ग्रैंडेलियस को हरा दिया। एरिगेसी ने टाईब्रेकर के पहले सेट में ही लेको को 3-1 से हरा दिया जबकि हरिकृष्णा ने पहला सेट ड्रॉ किया और फिर दूसरा सेट जीतकर कुल 2.5-1.5 से जीत हासिल कर अंतिम 16 में पहुंच गए। वहीं आर प्रज्ञानानंदा बराबरी बरकरार नहीं रख सके और रूस के डेनियल डुबोव से हारकर इस साल के विश्व कप से बाहर हो गए।

R Praggnanandhaa

आर प्रज्ञानानंदा

गौरतलब है कि 2023 में आयोजित पिछले चरण में इस युवा भारतीय ने फाइनल तक का सफर तय किया था लेकिन नॉर्वे के विजेता मैग्नस कार्लसन से हार गए थे। एरिगेसी के लिए अगला दौर बेहद अहम होगा क्योंकि उनका सामना बेहतरीन फॉर्म में चल रहे अमेरिका के लेवोन अरोनियन से होगा। अरोनियन सही समय पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं और इस प्रतियोगिता में किसी के लिए भी मुश्किल प्रतिद्वंद्वी साबित हो सकते हैं। जर्मनी के फ्रेडरिक स्वेन ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अर्मेनिया के शांत सार्गस्यान को 2.5-1.5 से हराया।

End of Feed