आईओए ने किया ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों के लिए शेफ डी मिशन के नाम का ऐलान, रोहित राजपाल के हाथ आई कमान

डेविस कप कप्तान रोहित राजपाल को ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत का दल नेता (शेफ डी मिशन) नियुक्त किया गया है।

नई दिल्ली: डेविस कप कप्तान रोहित राजपाल को ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारत का दल नेता (शेफ डी मिशन) नियुक्त किया गया है। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के सूत्रों ने यह जानकारी दी। रवि बेंगानी 23 जुलाई से दो अगस्त तक होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के उप दल नेता होंगे जबकि वंदना राव और राहुल स्वामी भारतीय दल के साथ जनरल टीम मैनेजर के रूप में यात्रा करेंगे। आईओए की अध्यक्ष पीटी उषा भी शीर्ष प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनकर ग्लासगो जाएंगी। इस प्रतिनिधिमंडल में आईओए के सीईओ रघुराम अय्यर और विग्नेश वेंगालिल उज्ज्वल भी शामिल हैं।

Rohit Rajpal

रोहित राजपाल (फोटो क्रेडिट ANI)

राजपाल आईओए की कार्यकारी समिति के सदस्य और अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के उपाध्यक्ष हैं। कई वर्षों तक भारत की डेविस कप टीम की कप्तानी करने के अलावा उन्होंने भारतीय खेल जगत में प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी निभाई हैं। इन नियुक्तियों से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि आईओए ने राजपाल की नियुक्ति को ’सुरक्षित और कारगर विकल्प’ के रूप में देखा। उन्होंने कहा,'रोहित के पास व्यापक प्रशासनिक अनुभव है और विभिन्न खेल महासंघों के साथ उनके अच्छे संबंध हैं। आईओए के अधिकारियों का मानना है कि वह अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह से निभा सकते हैं।'

End of Feed