ZIM vs BAN Highlights: जिम्बाब्वे ने बांग्लादेश को हराकर इतिहास रच दिया। हरारे में खेले गए मुकाबले में मेजबान टीम ने बांग्लादेश को पारी और 80 रन से हराकर टेस्ट क्रिकेट में अपनी सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और फिर उसके गेंदबाजों ने बांग्लादेश के बल्लेबाजों की एक ना चलने दी। बांग्लादेश ने केवल 27 रन के भीतर अपने 8 विकेट गंवा दिए। एक वक्त टीम का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 113 रन था, लेकिन 140 रन पर टीम ढेर हो गई।
जिम्बाब्वे और बांग्लादेश (साभार-X)
जिम्बाब्वे ने 270 रन की बढ़त
140 रन के जवाब में जिम्बाब्वे ने इनोसेंट काइया के 140 रन की शतकीय और ब्रायन बेनेट के 59 और क्रेग इरविन के 60 रन की पारी की बदौलत 410 रन का स्कोर खड़ा किया। जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 270 रन की अहम बढ़त ली थी। दूसरी पारी में बांग्लादेश से अच्छी बल्लेबाजी की दरकार थी, लेकिन मेहमान टीम ऐसा नहीं कर पाई। नतीजा बांग्लादेश दूसरी पारी में भी 185 रन बनाकर ढेर हो गई। दूसरी पारी में बांग्लादेश के लिए सर्वाधिक 34 रन की पारी मुश्फिकुर रहीम ने खेली। इस तरह जिम्बाब्वे ने तीसरे ही दिन पारी और 80 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
जिम्बाब्वे ने रचा इतिहास
यह टेस्ट क्रिकेट में जिम्बाब्वे की लगातार दूसरी जीत है। यह पहला मौका है जब जिम्बाब्वे ने बैक टू बैक टेस्ट मैच अपने नाम किया। इससे पहले जब टीम अक्टूबर 2025 में अफगानिस्तान के खिलाफ उतरी थी, तो उस मुकाबले को जिम्बाब्वे ने पारी और 73 रन से अपने नाम किया था। इससे पहले उन्होंने 25 साल पहले यही कारनामा किया था जब बांग्लादेश के खिलाफ उसने दो मैच की टेस्ट सीरीज जीती थी।
टाइम्सनाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- मुंबई छोड़ बेंगलुरु शिफ्ट हुए हार्दिक पांड्या
दोनों टीमों के बीच एकमात्र टेस्ट मुकाबला था। अब दोनों व्हाइट बॉल क्रिकेट में भिड़ेगी। 3 मैच की वनडे सीरीज के अलावा 3 मैच की टी20 सीरीज भी खेली जाएगी। वनडे सीरीज 6-11 जुलाई और टी20 सीरीज 15-19 जुलाई के बीच खेली जाएगी।
