WPL 2025: दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वारियर्स के बीच होगी भिड़ंत, दोनों टीमों को है बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद

दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वॉरियर्स के बीच विमेंस प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन के छठे मुकाबले में वडोदरा में भिड़ंत होगी। जानिए इस मैच से जुड़ी जरूरी बातें।

वडोदरा: दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वारियर्स को बुधवार को महिला प्रीमियर लीग के अपने मैच में बल्लेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी जो पिछले मैच में नहीं चल सके थे। यह कोटाम्बी स्टेडियम पर आखिरी मैच भी है जिसके बाद डब्ल्यूपीएल के मैच 21 फरवरी से बेंगलुरू में होंगे। टूर्नामेंट से पहले खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही दिल्ली कैपिटल्स अभी तक फार्म में नहीं दिखी है। मुंबई इंडियंस को हराने के बावजूद पहले दो मैचों में उसके बल्लेबाज नाकाम रहे हैं। मुंबई को दो विकेट से हराने से पहले 165 रन के लक्ष्य को हासिल करने में उसे काफी पसीना बहाना पड़ा । वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ टीम 141 रन पर आउट हो गई और आठ विकेट से पराजय झेलनी पड़ी।

UPW vs DC Match Preview

यूपी वॉरियर्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स (साभार WPL)

दिल्ली की कप्तान अबतक नहीं मचा पाई हैं धमाल

कप्तान मेग लैनिंग अभी तक बड़ी पारी नहीं खेल पाई हैं। ऐसा लगता है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का असर उनके प्रदर्शन पर पड़ा है। शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्ज या सारा ब्रूस ने टुकड़ों में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन बड़ी पारियां नहीं खेल सकीं। गेंदबाजी में अनुभवी शिखा पांडे ने मोर्चे से अगुवाई की है लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिल सका। यूपी वारियर्स का भी यही हाल ही। ग्रेस हैरिस और ताहलिया मैक्ग्रा स्पिन को बखूबी नहीं खेल पा रही हैं। दिल्ली के पास मिन्नू मनी,जेस जोनासेन और राधा यादव जैसे कई स्पिनर हैं।

End of Feed