World Cup 2023, NZ (New Zealand) vs SA (South Africa) ODI Pitch Report MCA Stadium, Pune Weather Forecast Today: वनड क्रिकेट विश्व कप 2023 में आज का मुकाबला दो बड़ी टीमों के बीच होगा। आमने-सामने होंगी दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें। दोनों ही टीमें इस समय अंक तालिका के टॉप-4 के बीच में मौजूद हैं और सेमीफाइनल में जाने का उनका रास्ता साफ नजर आ रहा है। लेकिन आज के नतीजे से कुछ टीमों के समीकरण जरूर बदलते नजर आ सकते हैं। आज का मैच पुणे के एमसीए स्टेडियम में खेला जाएगा।
न्यूजीलैंड-दक्षिण अफ्रीका मैच पिच रिपोर्ट
अब तक विश्व कप 2023 में दोनों टीमों के प्रदर्शन की बात की जा तो दक्षिण अफ्रीकी टीम ने अब तक 6 मुकाबले खेले हैं और उसमें 5 जीत हासिल की हैं और एक हार मिली है। इसके साथ वो 10 अंक लेकर अंक तालिका में दूसरे पायदान पर हैं। वहीं दूसरी तरफ है न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम जिसने अब तक 6 मैच खेले हैं और उनमें 4 मैचों में जीत दर्ज की है और 2 मैच गंवाए हैं। इसके साथ वो 8 अंक लेकर अंक तालिका में तीसरे पायदान पर हैं। दोनों टीमों के तीन-तीन मुकाबले बाकी हैं और सेमीफाइनल की राह उनके लिए कठिन नहीं होने वाली।
वनडे क्रिकेट और विश्व कप में आमने-सामने के आंकड़े
वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 71 वनडे मैच खेले जा चुके हैं। इन मुकाबलों में दक्षिण अफ्रीका को 41 मैचों में जीत मिली है जबकि न्यूजीलैंड को 25 जीत से संतोष करना पड़ा है। वहीं 5 मैच बेनतीजा रहे थे। अगर बात करें वनडे विश्व कप इतिहास की तो उसमें इन दो टीमों की भिड़ंत 8 बार हो चुकी है और यहां न्यूजीलैंड का पलड़ा भारी दिखता है। न्यूजीलैंड ने इन 8 विश्व कप मैचों में दक्षिण अफ्रीका को 6 बार मात दी, जबकि दक्षिण अफ्रीका सिर्फ 2 जीत हासिल कर पाई।
दक्षिण अफ्रीका-न्यूजीलैंड मैच की पिच रिपोर्ट कैसी होगी? (NZ vs SA Pitch Report)
आज का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच पुणे के एमसीए स्टेडियम में आयोजित होने जा रहा है। इस मैदान की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद देखी गई है, ऐसे में रनों की बारिश की उम्मीद की जा सकती है क्योंकि दोनों ही टीमों में एक से एक धाकड़ बल्लेबाज हैं जो इस पूरे विश्व कप में लय में नजर भी आए हैं। इसके अलावा यहां काफी बाउंस भी मिलता है जिससे तेज गेंदबाजों को कुछ फायदा मिलता देखा जा सकता है। अब तक यहां इस विश्व कप में दो मुकाबले खेले जा चुके हैं और दोनों ही मैचों की चारों पारियों में स्कोर 250 के करीब रहा था। सिर्फ एक ही पारी ऐसी थी जब अफगानिस्तान ने श्रीलंका को 241 रन पर ऑलआउट करके बाद में 7 विकेट से वो मैच जीता था। अब अफगानिस्तान जैसी स्पिनर्स आधारित टीम को भी जब यहां जीत मिली तो उनके पेसर फजलहक फारुकी ही चार विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच बने थे। ऐसे में तेज गेंदबाजों को नजरअंदाज करना गलत होगा।
आज कैसा रहेगा पुणे का मौसम? (Pune Weather Today)
मैच पुणे में खेला जा रहा है जहां का मौसम आमतौर पर सुहावना ही रहता है। ऐसे में आज की स्थिति कैसी रहेगी आइए जानते हैं। सबसे पहली और अहम बात कि आज पुणे में बारिश के कोई आसार नहीं हैं जो खिलाड़ियों और फैंस के लिए राहत की बात होगी। मैच दोपहर दो बजे शुरू होगा और धूप तेज रहेगी हालांकि बादलों की आवाजाही भी जारी रहेगी जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है। उमस काफी रहने वाली है और शाम को ओस भी गिर सकती है, अगर ओस गिरती है तो टॉस जीतने वाली टीम को पहले गेंदबाजी करने का फैसला सही रहेगा। आज पुणे के तापमान की बात करें तो ये अधिकतम 33 डिग्री सेंटीग्रेड तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेंटीग्रेड तक रहने के आसार हैं।
न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम: टॉम लाथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, विल यंग, मार्क चैपमैन, डेरिल मिशेल, ईश सोढी, टिम साउथी, ट्रेंट बोल्ट, लॉकी फर्ग्युसन, मैट हेनरी, जेम्स नीशाम, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रविंद्र, मिशेल सेंटनर।
दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट टीम: तेम्बा बावुमा (कप्तान), गेराल्ड कोएट्जी, क्विंटन डिकॉक, रीजी हेंड्रिक्स, मार्को जेनसन, हेनरिक क्लासेन, केशव महाराज, कागिसो रबादा, तबरेज शम्सी, रेस वान डेर डुसेन, लिजाद विलियम्स, एडेन मार्कराम, डेविड मिलर, लुंगी एनगिडी और एंडिले फेहलुकवायो।
