नई दिल्ली: जोस बटलर की कप्तानी वाली इंग्लैंड क्रिकेट टीम को विश्व कप 2023 के पहले और सबसे बड़े उलटफेर का शिकार होना पड़ा है। हश्मतउल्लाह शाहीदी की कप्तानी वाली अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने विश्व कप 2023 के 13वें मुकाबले में 69 रन से मात दी। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तानी टीम ने सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज की 80 , इकराम अलीखिल की 58 रन की पारी की बदौलत 49.5 ओवर में 284 रन का स्कोर खड़ा किया। लेकिन लक्ष्य के लिए 285 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लिश बल्लेबाजो ने अफगानिस्तान की मजबूत स्पिन गेंदबाजी के सामने घुटने टेक दिए। इस करारी हार ने मौजूदा चैंपियन इंग्लैंड के सेमीफाइनल की राह कठिन कर दी है।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम
तीन मैच में इंग्लैंड को मिली दूसरी हार
इंग्लैंड की टीम की यह विश्व कप 2023 के तीसरे मुकाबले में दूसरी हार है। विश्व कप 2023 के उद्धाटन मुकाबले में भी इंग्लैंड को न्यूजीलैंड के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद बांग्लादेश को हराकर इंग्लैंड की टीम जीत की राह पर वापस लौटी थी। लेकिन अफगानिस्तान ने इंग्लैंड की टीम को एक बार फिर परेशानी में डाल दिया है। उनके लिए सेमीफाइनल में पहुंचना मुश्किल हो गया है।
इंग्लैंड को अब जीतने बाकी बचे 6 मैच
सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए टीमों को 9 में से कम से कम 7 मैच जीतने होंगे और नेट रन रेट को भी अच्छा रखना होगा। इंग्लैंड की टीम 3 मैच में 1 जीत और दो हार के साथ पांचवें पायदान पर है। उसका नेट रन रेट -0.084 है जो कि चिंता का विषय है। इंग्लैंड को बाकी बची 6 मैच में जीत के साथ-साथ नेट रन रेट को भी हाई रखना होगा। तभी उनके लिए सेमीफाइनल का दरवाजा खुल सकेगा। एक भी मैच में ऊंच-नीच उनका लगातार दूसरी बार विश्व चैंपियन बनने का सपना तोड़ सकती है।
दक्षिण अफ्रीका से है अगली भिड़ंत
इंग्लैंड की अगली भिड़ंत 21 अक्टूबर को मुंबई में दक्षिण अफ्रीका के साथ है। दक्षिण अफ्रीकी टीम शानदार फॉर्म में है और तीन मैच में से तीन में जीत के साथ टूर्नामेंट में अच्छी शुरुआत के बाद तीसरे पायदान पर है। उन्हें हराना जोस बटलर की टीम के लिए आसान नहीं होगा। इस मैच में हार उन्हें शुरुआत में ही विश्व कप से बाहर कर देगी।
