Womens World Cup 2025 Win: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम दर्ज करवा लिया है। उन्होंने नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए महिला विश्व कप 2025 के फाइनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए द.अफ्रीका की टीम को 52 रनों से मात दे दी है। मैच काफी रोमांचक था और अंत तक दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली लेकिन अंत में जीत भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हुई। इस जीत के बाद देश भर से बधाईंयों का तांता लग गया है और क्रिकेट के भगवान ने भी शानदार ट्वीट किया है और इस पल को खास बताया है।
महिला विश्व कप जीत के बाद लगा बधाईयों का ताता
मैच की बात करें तो इसमें भारतीय टीम को टॉस के समय ही निराशा हाथ लगी जब द.अफ्रीका ने सिक्का जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला कर लिया। भारतीय टीम ने अच्छी शुरुआत की और शेफाली वर्मा की दमदार पारी के चलते उन्होंने 298 रनों का लक्ष्य खड़ा कर दिया। इसके जवाब में द.अफ्रीका की टीम की शुरुआत अच्छी रही लेकिन वे लगातार विकेट गंवाते हुए। टीम की कप्तान लॉरा वॉलवर्ट टिकी रहीं लेकिन उनके विकेट के बाद कोई भी पारी को संभाल नहीं पाया और मैच उनके हाथ से चला गया।
सचिन ने 1983 से की तुलना
सचिन तेंदुलकर ने महिला विश्न कप जीत की 1983 से तुलना की है और उनके मुताबिक अब इस जीत के बाद देश भर में महिला क्रिकेट बढ़ेगा और ज्यादा से ज्यादा क्रिकेटर इसमें भाग लेंगी। उन्होंने एक्स पर लिखा कि '1983 ने पूरी पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। आज, हमारी महिला क्रिकेट टीम ने सच में कुछ खास किया है। उन्होंने देश भर की अनगिनत युवा लड़कियों को बल्ला और गेंद उठाने, मैदान पर उतरने और यह विश्वास करने के लिए प्रेरित किया है कि वे भी एक दिन वह ट्रॉफी उठा सकती हैं। यह भारतीय महिला क्रिकेट के सफर में एक अहम पल है।बहुत बढ़िया, टीम इंडिया। आपने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है।'
भारत का ऐसा रहा चैंपियन बनने तक का सफर
भारत ने महिला विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत सह मेजबान श्रीलंका को बारिश से बाधित मुकाबले में 59 रनों से हराकर की। इसके बाद उसने अगले मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 88 रनों से हराया। लगातार दो जीत के बाद भारतीय अभियान को उस वक्त झटका लगा जब उसने हार की हैट्रिक लगाई और उस वक्त लगा कि कहीं भारत का सफर ग्रुप चरण में ही ना थम जाए। भारत को पहले इसी दक्षिण अफ्रीका टीम के खिलाफ तीन विकेट से हार मिली जिसके खिलाफ उसे रविवार को फाइनल खेलना है। फिर टीम को ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट से और इंग्लैंड ने चार रन हराया। भारत के लिए अब न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच जीतना बहुत अहम था। दोनों ही टीमों के लिए यह मैच वर्चुअल नॉकआउट की तरह था, लेकिन भारतीय टीम ने स्मृति मंधाना और प्रतिका रावल की शानदार पारियों से न्यूजीलैंड के सामने विशाल लक्ष्य रखा और बारिश से बाधित मुकाबले में डीएलएस के जरिये 53 रनों से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इसके बाद सेमीफाइनल मैच में उनकी टक्कर वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से हुई जिन्हें टीम ने रोमांचक तरीके से हरा दिया और फाइनल में जगह पक्की कर ली।
