Women's World Cup 2025: आईसीसी महिला वनडे विश्व कप की शुरुआत से पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए बड़ी चिंता की खबर आई है। टीम की तेज गेंदबाज अरुंधति रेड्डी चोटिल हो गई हैं। उनके बाएं घुटने में चोट लगी है और चोट की गंभीरता का अभी तक पता नहीं चल सका है।
अरुणधती रेड्डी (फोटो- ICC)
इंग्लैंड के खिलाफ वार्म-अप मैच में लगी चोट
यह घटना बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस 1 मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे अभ्यास मैच के दौरान हुई। मैच के 13वें ओवर में इंग्लैंड की पूर्व कप्तान हीथर नाइट ने अरुंधति की गेंद पर जोरदार शॉट खेला। अरुंधति ने फॉलो-थ्रू में कैच पकड़ने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधी उनके बाएं घुटने से टकरा गई। चोट लगने के बाद वह मैदान पर गिर पड़ीं और दर्द से कराहने लगीं।
मेडिकल स्टाफ की मदद से बाहर गईं
घटना के तुरंत बाद मेडिकल स्टाफ मैदान पर पहुंचा। गंभीर दर्द की वजह से अरुंधति चल नहीं पाईं और उन्हें व्हीलचेयर की सहायता से मैदान से बाहर ले जाया गया। अभी तक उनकी चोट की मेडिकल रिपोर्ट सामने नहीं आई है।
विश्व कप में खेल पाएंगी या नहीं, संशय बरकरार
भारतीय टीम का विश्व कप में पहला मुकाबला 30 सितंबर को गुवाहाटी में श्रीलंका के खिलाफ होना है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि अरुंधति इस मैच के लिए फिट हो पाएंगी या नहीं। अगर वह टूर्नामेंट से बाहर होती हैं, तो रिजर्व खिलाड़ियों की सूची में शामिल तेज गेंदबाज सयाली सतघरे को टीम में शामिल किया जा सकता है।
पहले भी लगी थी टीम को चोट की चोट
यह पहली बार नहीं है जब भारतीय टीम को चोट की समस्या से जूझना पड़ रहा है। विश्व कप की तैयारियों के दौरान विशाखापत्तनम में लगे शिविर में विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया चोटिल हो गई थीं। बाएं घुटने की चोट के कारण उन्हें टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा और उनकी जगह उमा छेत्री को टीम में शामिल किया गया।
खिताब की उम्मीदों पर चोट
भारतीय महिला क्रिकेट टीम अब तक कोई भी आईसीसी खिताब नहीं जीत पाई है। इस बार वनडे विश्व कप भारत और श्रीलंका में आयोजित हो रहा है और टीम ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करके खिताब की उम्मीदें जगाई थीं। हालांकि, खिलाड़ियों की लगातार चोटिल होने की घटनाओं ने टीम प्रबंधन की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
बढ़ी टीम की चुनौती
विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में हर खिलाड़ी की फिटनेस अहम मानी जाती है। ऐसे में अरुंधति रेड्डी की चोट और यास्तिका भाटिया की पहले से ही अनुपस्थिति ने भारतीय महिला टीम की चुनौतियों को और बढ़ा दिया है। अब टीम प्रबंधन और चयनकर्ताओं की नजर अरुंधति की मेडिकल रिपोर्ट पर होगी, जो तय करेगी कि वह विश्व कप में उतरेंगी या नहीं।
