भारत और पाकिस्तान के बीच 23 अक्टूबर को टी20 विश्व कप 2022 का अहम व सबसे बड़ा मुकाबला खेला जाना है। ऑस्ट्रेलिया के सबसे बड़े क्रिकेट मैदान मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित होने वाले इस बड़े मैच से पहले फैंस और खिलाड़ियों की तमाम चीजों पर नजरें रहेंगी। पिच, माहौल, कौन-कौन प्लेइंग-11 में खेलेगा, टीमों की ताकत और सबसे अहम चीज, टीमों की कमजोरी। हम यहां पाकिस्ताानी टीम की सबसे बड़ी कमजोरी की बात करने जा रहे हैं, जिसका फायदा अगर भारत ने उठा लिया तो काफी हद तक टीम इंडिया का काम हो जाएगा।
भारत-पााकिस्तान टी20 विश्व कप
पाकिस्तानी टीम की सबसे बड़ी ताकत इस समय है उसके दो ओपनर्स मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम। अगर ये दोनों खिलाड़ी जल्दी आउट हो गए तो पाकिस्तानी टीम का मुश्किल में आना तय है, क्योंकि उनका मध्यक्रम ही उनकी सबसे बड़ी कमजोरी साबित है। उनके मिडिल ऑर्डर पर लगातार सवालिया निशान उठते आए हैं क्योंकि इस मध्यक्रम में अनुभवी चेहरों की काफी कमी है। एशिया कप के दौरान भी कई बार ऐसा ही देखा गया था।
हैदर अली, इफ्तिखार अहमद और आसिफ अली जैसे खिलाड़ियों ने कम ही मुकाबलों में अपना दम दिखाया है और टीम इंडिया विश्व कप मुकाबले में इसका फायदा जरूर उठा सकती है। हाल ही में मोहम्मद नवाज ने जरूर ट्राई सीरीज के दौरान कुछ धमाल मचाते हुए पाकिस्तान की उम्मीदों को पर लगा दिए लेकिन टी20 विश्व कप जैसे मंच पर सिर्फ इससे बात नहीं बनने वाली।
टीम इंडिया पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में पाकिस्तानी मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों की परीक्षा ले सकती है अपने स्पिनर्स के जरिए और बीच में गेंदबाजी करने वाले भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के दम पर। युजवेंद्र चहल और रविचंद्रन अश्विन जैसे स्पिनर्स अहम मौकों पर मध्यक्रम के रनों की रफ्तार धीमी करते हुए पाकिस्तान को एक बड़े स्कोर की तरफ बढ़ने से रोक सकते हैं अगर तेज गेंदबाजों ने उनके शीर्ष बल्लेबाजों को जल्दी पवेलियन भेज दिया।
