IND vs PAK, Who Won Yesterday Match (कल का मैच कौन जीता?): रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने चिरप्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को दुबई में रविवार को खेले गए महामुकाबले में विराट कोहली की शानदार शतकीय पारी की बदौलत 6 विकेट के अंतर से मात देकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली। भारतीय टीम ने पाकिस्तान द्वारा जीत के लिए दिए गए 242 रन के लक्ष्य को ओवर में हासिल कर लिया। इस मैच में जीत ने जहां भारत की सेमीफाइनल में जगह पक्की कर दी वहीं मेजबान पाकिस्तान के भाग्य को बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच सोमवार को खेले गए मुकाबले पर निर्भर कर दिया। आइए जानते हैं भारत पाकिस्तान मुकाबले के पल पल का कैसा रहा हाल?
भारत पाकिस्तान मैच रिजल्ट, कल का मैच कौन जीता
पाकिस्तान ने जीता टॉस:
भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के महामुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान के टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पाकिस्तान ने अपनी एकादश में एक बदलाव इमाम उल हक के रूप में किया। उन्हें चोटिल फख़र जमां की जगह एकादश में जगह मिली।बाबर-इमाम ने दिलाई पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत
बाबर आज़म और इमाम उल हक की जोड़ी ने पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान को अच्छी शुरुआत दिलाई। पारी के पहले ओवर में मोहम्मद शमी ने पांच व्हाइड सहित कुल 6 रन दिए और पाकिस्तान की सलामी जोड़ी को सहज होने का मौका दिया। दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की। लेकिन नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर हार्दिक पांड्या ने बाबर आजम को विकेट के पीछे 23(26) कैच कराकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद अगले ही ओवर में इमाम उल हक अक्षर पटेल के सटीक थ्रो पर रन आउट होकर पवेलियन लौट गए। इमाम ने 10(26) रन बनाए। इसके साथ ही पाकिस्तान का स्कोर 2 विकेट पर 46 रन हो गया।
शकील-रिजवान ने संभाला
दो विकेट जल्दी-जल्दी गंवाने के बाद पाकिस्तान की पारी को सऊद शकील और कप्तान मोहम्मद रिजवान ने संभाला। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी की और कोई विकेट जल्दी नहीं गिरने दिया। तीसरे विकेट के लिए शकील और रिजवान ने अर्धशतकीय साझेदारी 90 गेंद में पूरी की। 25 ओवर में पाकिस्तान ने 2 विकेट के नुकसान पर 99 रन बना लिए थे। 25.3 ओवर में पाकिस्तान ने 100 रन के आंकड़े को पार किया। इसके बाद रिजवान और शकील ने रन गति को बढ़ाने की कोशिश की लेकिन भारत की कसी हुई गेंदबाजी के सामने ऐसा करने में नाकाम रहे। शकील ने 63 गेंद में इस दौरान चार चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद दोनों ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी 141 गेंद में पूरा कर ली और पाकिस्तान को 33वें ओवर की आखिरी गेंद पर 150 रन के पार पहुंचा दिया।
अक्षर पटेल ने तोड़ी रिजवान और शकील की साझेदारी
150 रन के पार टीम को पहुंचाने के बाद कप्तान मोहम्मद रिजवान को अक्षर पटेल ने बोल्ड करके साझेदारी को तोड़ दिया। रिजवान 46(77) रन बना सके। इसके बाद जल्दी ही शकील 62 रन बनाकर हार्दिक पांड्या की गेंद पर अक्षर पटेल के हाथों लपके गए। पाकिस्तान का स्कोर अचानक 159 रन पर 4 विकेट हो गया। तैय्यब ताहिर(4) को जडेजा ने बोल्ड करके पाकिस्तान को पांचवां झटका दे दिया।
241 रन पर ढेर हुआ पाकिस्तान
159 रन पर पाकिस्तान की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। ऐसे में खुशदिल शाह और सलमान आगा मिलकर टीम को 200 रन तक ले गए। इसी स्कोर पर कुलदीप यादव ने लगातार दो गेंद पर सलमान आगा(19) और शाहीन अफरीदी(0) के विकेट चटकाकर पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ा दीं। 200 रन पर पाकिस्तान के 7 बल्लेबाज पवेलियन लौट गए थे। अंत में नसीम शाह ने 14 और हारिस रऊफ ने 8 रन की पारी खेलकर पाकिस्तान को 241 रन के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचा दिया। पाकिस्तान की पूरी टीम 49.4 ओवर में 241 रन बनाकर ढेर हो गई। भारत के लिए कुलदीप यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए। वहीं 2 सफलता हार्दिक पांड्या को मिली। 1-1 विकेट हर्षित राणा, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा के खाते में गए।
अच्छी शुरुआत के बाद सस्ते में पवेलियन लौटे रोहित
जीत के लिए 242 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को रोहित शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी ने तेज शुरुआत देने की कोशिश की। रोहित ने शानदार अंदाज में शुरुआत की लेकिन 15 गेंद में 20 रन बनाकर शाहीन अफरीदी की शानदार यॉर्कर पर बोल्ड हो गए। पाचवें ओवर की आखिरी गेंद पर 31 के स्कोर पर भारतीय टीम को पहला झटका लगा।
अर्धशतक से चूके शुभमन गिल
रोहत के आउट होने के बाद विराट कोहली बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतरे तो स्टेडियम विराट-विराट से गूंज उठा। ऐसे में विराट ने पिच पर पैर जमा चुके शुभमन गिल के साथ विराट कोहली ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को 8.1 ओवर में 50 रन के और 17.1 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। गिल ने साझेदारी के दौरान मोर्चा संभाला और पाकिस्तानी गेंदबाजों की धुनाई कर दी। टीम इंडिया के 100 रन पूरे करने के बाद गिल अबरार अहमद की शानदार गेंद पर गच्चा खाकर बोल्ड हो गए और अपना अर्धशतक पूरा किए बगैर पवेलियन वापस लौट गए। गिल ने 46(52) रन बना सके।
अय्यर विराट के बीच हुई शतकीय साझेदारी
गिल के आउट होने के बाद विराट कोहली का साथ देने आए श्रेयस अय्यर ने अपने फॉर्म को जारी रखा। दोनों ने मिलकर पाकिस्तानी गेंदबाजों की धुनाई कर दी। विराट कोहली ने 62 गेंद में चार चौके की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों ने इसके तीसरे विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी 69 गेंद में पूरी की और टीम को 37 ओवर में 200 रन के पार पहुंचा दिया। इसके बाद विराट और अय्यर के बीच शतकीय साझेदारी भी 111 गेंद में पूरी हुई। जिसमें विराट ने 50 और अय्यर ने 49 रन का योगदान दिया। टीम इंडिया को जीत के करीब पहुंचाने के बाद श्रेयस अय्यर खुशदिल शाह की गेंद पर इमाम उल हक के हाथों शानदार ढंग से लपके गए। अय्यर ने 56(67) रन बनाए।
विराट ने शतकीय पारी से दिलाई जीत, सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
अय्यर के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए हार्दिक पांड्या ने 6 गेंद में 8 रन की पारी खेली लेकिन शाहीन की गेंद पर गच्चा खाकर विकेट के पीछे लपके गए। इसके बाद अक्षर पटेल ने विराट कोहली का साथ दिया। विराट कोहली ने चौके के साथ अपने वनडे करियर का 51वां शतक पूरा करके टीम इंडिया को 42.3 ओवर में 7 विकेट से जीत दिला दी। विराट 100(111) रन बनाकर और अक्षर 3(4) रन बनाकर नाबाद रहे।
