IND vs PAK Final Match, Asia Cup 2025 Who Won Yesterday Match (कल का मैच कौन जीता?): भारत ने पाकिस्तान रोमांचक फाइनल में 5 विकेट से मात देकर 9वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। भारत ने जीत के लिए मिले 147 रन के लक्ष्य को तिलक वर्मा की 53 गेंद में 69 रन की नाबाद पारी की बदौलत 2 गेंद और 5 विकेट रहते हासिल कर लिया। रिंकू सिंह ने भारत के लिए विजयी चौका जड़ा। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम 19.1 ओवर में 146 रन बनाकर ढेर हो गई। पाकिस्तान को इस स्कोर तक साहिबदाजा फरहान और फखर जमां की सलामी जोड़ी ने पहुंचाने में अहम भूमिका अदा की। फरहान ने 57(38) और फखर जमां ने 46(35) रन की पारी खेली। पाकिस्तान ने 84 रन पर पहला विकेट गंवाया इसके बाद पाकिस्तानी टीम 146 रन पर ढेर हो गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट कुलदीप यादव ने लिए। 2-2 सफलता जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल के खाते में गई। ऐसे में जीत के लिए मिले 147 रन के लक्ष्य को टीम इंडिया ने खराब शुरुआत के बाद तिलक वर्मा की 69(53) नाबाद और शिवम दुबे की 33(22) रन की पारी की बदौलत हासिल कर लिया।
भारत बनाम पाकिस्तान, एशिया कप 2025, कल का मैच कौन जीता
भारत ने जीता टॉस, चुनी गेंदबाजी:
टीम इंडिया के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप के फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम इंडिया ने फाइनल मैच के लिए अपनी प्लेइंग-11 में तीन बदलाव किए। चोटिल हार्दिक पांड्या प्लेइंग-11 से बाहर हो गए। वहीं अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा को भी प्लेइंग-11 से बाहर जाना पड़ा। फाइनल मुकाबले के लिए टीम में रिंकू सिंह और शिवम दुबे की एंट्री हुई। पाकिस्तान ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया।
पाकिस्तान ने की शानदार शुरुआत:
पाकिस्तान के लिए पारी की शुरुआत करने साहिबजादा फरहान और फखर जमां की जोड़ी उतरी। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी करते हुए कोई विकेट पॉवरप्ले में नहीं गिरने दिया और स्कोर को 45 रन तक पहुंचा दिया। फरहान ने पॉवरप्ले में 31(25) और फखर जमां ने 12(11) रन बनाए। इसके बाद दोनों ने पाकिस्तान को 6.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। 7 ओवर में पाकिस्तान ने बगैर किसी नुकसान के 56 रन बना लिए थे।
अर्धशतक जड़ने के बाद फरहान बने चक्रवर्ती का शिकार
साहिबजादा फरहान ने अपने फॉर्म को बरकरार रखते हुए नौवें ओवर की चौथी गेंद पर अपना अर्धशतक 35 गेंद में 5 चौके और 2 छक्के की मदद से पूरा किया और स्कोर को 9 ओवर में बगैर किसी नुकसान के 77 रन तक पहुंचा दिया। लेकिन इसके बाद दसवें ओवर की चौथी गेंद पर वरुण चक्रवर्ती ने फरहान की पारी का अंत कर दिया। फरहान 38 गेंद में 57 रन बनाकर तिलक वर्मा के हाथों लपके गए। उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 3 छक्के जड़े। पाकिस्तान को पहला झटका 84 के स्कोर पर लगा। पाकिस्तान ने 10 ओवर में 1 विकेट पर 87 रन बना लिए हैं।
11.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा पाकिस्तान
साहिबजादा फरहान के आउट होने पिच पर पैर जमाए खड़े फखर जमां का साथ देने सैम अयूब आए। फॉर्म से जूझ रहे अयूब ने शिवम दुबे के ओवर में दो चौके जड़े और टीम को 100 रन के करीब पहुंचा दिया। पाकिस्तान ने 11.2 ओवर में 100 रन फखर जमां के तिलक वर्मा के खिलाफ चौके के साथ पूरे कर लिए। पाकिस्तान ने 12 ओवर में 1 विकेट के नुकसान पर 102 रन बना लिए थे। फखर जमां 33(26) और सैम अयूब 13(8) रन बनाकर खेल रहे थे।
कुलदीप ने किया सैम अयूब का शिकार
बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही पाकिस्तानी टीम को दूसरा झटका कुलदीप यादव ने सैम अयूब के रूप में दिया। अयूब एक बार फिर बल्ले से नाकाम रहे। वो 14(11) रन बनाकर जसप्रीत बुमराह के हाथों लपके गए। 113 के स्कोर पर पाकिस्तान को दूसरा झटका लगा।
अक्षर ने नहीं खोलने दिया मोहम्मद हारिस को खाता
अयूब के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए मोहम्मद हारिस को अक्षर पटेल ने खाता नहीं खोलने दिया। पटेल ने 14वें ओवर की तीसरी गेंद पर रिंकू सिंह के हाथों कैच कराकर पवेलियन वापस भेज दिया। 114 के स्कोर पर पाकिस्तान को तीसरा झटका लगा।
फखर अर्धशतक से चूके, 13 गेंद में पाकिस्तान ने गंवाए 3 विकेट
जल्दी-जल्दी दो विकेट गंवाने के बाद पाकिस्तानी की रन गति में थोड़ी गिरावट आई। ऐसे में एक छोर संभालकर खड़े फखर जमां ने तेजी से रन बनाने की कोशिश की। उन्होंने 15वें ओवर में वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ हल्ला बोलने की कोशिश की। ओवर की तीसरी गेंद पर उन्होंने शानदार छक्का जड़ा लेकिन अगली ही गेंद पर वो कुलदीप यादव के हाथों लपके गए। फखर अपना अर्धशतक पूरा नहीं कर सके। उन्होंने 46(35) रन की पारी खेली। 126 के स्कोर पर पाकिस्तान ने चौथा विकेट गंवाया। ड्राइविंग सीट पर दिख रही पाकिस्तानी टीम 13 गेंद के अंतराल में 3 विकेट गंवाकर बैकफुट पर नजर आने लगी।
131 के स्कोर पर पवेलियन लौटी पाकिस्तान की आधी टीम
फखर जमां के आउट होने के बाद कप्तान सलमान आगा और हुसैन तलत ने मोर्चा संभाला। लेकिन ये साझेदारी भी आगे नहीं बढ़ पाई। अक्षर पटेल ने 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर हुसैन तलत को संजू सैमसन के हाथों कैच कराकर पाकिस्तान को पांचवां झटका दिया। तलत 1(2) रन बना सके। पाकिस्तान की आधी टीम 131 के स्कोर पर पवेलियन वापस लौट चुकी थी। अक्षर पटेल का यह मैच में दूसरा विकेट था।
कुलदीप ने एक ओवर में चटकाए तीन विकेट
16 ओवर में पाकिस्तान ने 5 विकेट पर 131 रन बना लिए थे। ऐसे में उसे छठा छटका कुलदीप यादव ने 17वें ओवर की पहली गेंद पर पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा के रूप में दिया। आगा कुलदीप की गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में संजू सैमसन के हाथों लपके गए। वो 8(7) रन बना सके। 133 के स्कोर पर पाकिस्तान ने छठा विकेट गंवाया। इसके तीन गेंद बाद ही कुलदीप यादव ने बल्लेबाजी करने आए शाहीन अफरीदी को एलबीडब्लू कर दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए फहीम अशरफ भी खाता खोले बगैर कुलदीप की फिरकी में फंसकर कैच दे बैठे। कुलदीप ने एक ओवर में तीन विकेट चटकाकर पाकिस्तान का हाल बेहाल कर दिया। उन्होंने अपने स्पेल का अंत 4 ओवर में 30 रन पर 4 विकेट के साथ किया। पाकिस्तान ने 17 ओवर में 135 के स्कोर पर 8 विकेट गंवा दिए थे।
146 रन पर ढही पाकिस्तान की पारी
अंतिम ओवरों में पाकिस्तान को बड़े स्कोर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मोहम्मद नवाज और हारिस रऊफ के कंधों पर आ गई। ऐसे में 18वें ओवर में गेंदबाजी करने आए जसप्रीत बुमराह ने रऊफ को शानदार यॉर्कर पर बोल्ड करके पाकिस्तान को नौवां झटका दिया। रऊफ 6(4) रन बना सके। 141 के स्कोर पर पाकिस्तान ने नौवां विकेट गंवाया। पाकिस्तान को आखिरी झटका जसप्रीत बुमराह ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर दिया। नवाज 6(9) रन बनाकर रिंकू सिंह के हाथों लपके गए। पाकिस्तान की टीम 19.1 ओवर में 146 रन पर ढेर हो गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 4 विकेट कुलदीप यादव ने लिए। 2-2 विकेट जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने अपने नाम किए।
भारत ने की खराब शुरुआत, अभिषेक हुए नाकाम
एशिया कप के फाइनल में खिताबी जीत के लिए 147 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत करने एक बार फिर अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की जोड़ी उतरी थी। अभिषेक ने एक बार फिर आक्रामक अंदाज में रन बनाने की कोशिश की और दूसरे ओवर की पहली गेंद पर फहीम अशरफ की गेंद पर हारिस रऊफ के हाथों लपके गए। अभिषेक 5(6) रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान सूर्यकुमार यादव भी ज्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके। शाहीन अफरीदी ने उन्हें तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर सलमान आगा के हाथों कैच करा दिया। सलमान ने शानदार कैच पकड़कर सूर्या की पारी का अंत किया। वो केवल 1(5) रन बना सके। 10 रन पर 2 विकेट गंवाकर टीम इंडिया बैकफुट पर नजर आने लगी।
20 रन पर गंवाए 3 विकेट, शुभमन का नहीं चला बल्ला
दो विकेट गंवाने के बाद शुभमन गिल और तिलक वर्मा ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों स्कोर को 20 रन तक ले गए लेकिन चौथे ओवर की आखिरी गेंद पर शुभमन गिल ने मिड ऑन के ऊपर से गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने की कोशिश की लेकिन सही ऊंचाई हासिल करने में नाकाम रहे और वहां खड़े हारिस रऊफ ने छलांग लगाकर गेंद को लपक लिया और इसके साथ ही भारत ने तीसरा विकेट गंवा दिया। शुभमन गिल 12(10) रन बनाकर आउट हुए।
तिलक वर्मा और संजू सैमसन ने पहुंचाया 50 के पार
भारतीय टीम 4 ओवर में 20 रन पर पर 3 विकेट गंवा दिए थे। इस मुश्किल परिस्थिति में टीम को तिलक वर्मा और अनुभवी संजू सैमसन ने संभाला। दोनों ने पॉवरप्ले के अंत तक और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। भारत ने 6 ओवर में 3 विकेट खोकर 36 रन बना लिए थे। सैमसन और तिलक ने इसके बाद टीम को 8.1 ओवर में 50 रन के भी पार पहुंचा दिया। भारतीय टीम शुरुआती झटकों से उबरती दिख रखी थी ऐसे में हुसैन तलत ने संजू सैमसन का कैच नौवें ओवर की तीसरी गेंद पर छोड़ दिया।
सैमसन बने अबरार अहमद का शिकार
टीम इंडिया ने 10 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 58 रन बना लिए थे। तिलक वर्मा 24(26) और सैमसन 16(13) रन बनाकर खेल रहे थे। जीत के लिए टीम इंडिया को 60 गेंद में 89 रन और बनाने थे। दोनों स्कोर को 77 रन तक ले गए। 13वें ओवर की दूसरी गेंद पर इसी स्कोर पर सैमसन अबरार अहमद की गेंद पर साहिबजादा फरहान के हाथों लपके गए। सैमसन ने 24(21) रन बनाए।
तिलक वर्मा ने जड़ा शानदार अर्धशतक
सैमसन के आउट होने के बाद तिलक वर्मा का साथ देने शिवम दुबे आए। दोनों ने तेजी से रन बनाने शुरू किए। शिवम और तिलक ने 15वें ओवर में हारिस रऊफ को निशाना बनाया और 17 रन जड़ दिए और टीम इंडिया को 100 रन के पार पहुंचा दिया। टीम इंडिया ने 15 ओवर में 4 विकेट पर 100 रन बना लिए थे। इसके बाद गेंदबाजी करने आए अबरार अहमद की पहली ही गेंद पर शिवम दुबे ने छक्का जड़ दिया। इसके बाद दोनों ने संभलकर रन बनाए और ओवर की आखिरी गेंद पर तिलक वर्मा ने अपना अर्धशतक 41 गेंद में 3 चौके और 3 छक्के की मदद से पूरा कर लिया।
18 ओवर में भारत ने बनाए 130 रन
16 ओवर में टीम इंडिया ने 4 विकेट पर 111 रन बना लिए थे। तिलक वर्मा 50(41) और शिवम दुबे 18(13) रन बनाकर खेल रहे थे। जीत के लिए भारत को 24 गेंद में 36 रन बनाने थे। ऐसे में पाकिस्तान के कप्तान ने शाहीन शाह अफरीदी के हाथों में गेंद थमाई। शाहीन ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए 6 रन दिए और भारत के लिए लक्ष्य को 18 गेंद में 30 रन कर दिया। 18वें ओवर में गेंदबाजी करने हारिस रऊफ आए। उनके ओवर में 13 रन बटोकर तिलक-दुबे ने स्कोर को 130 रन तक पहुंचा दिया।
जीत की दहलीय पर आउट हुए शिवम दुबे
जीत के लिए भारत को 12 गेंद में 17 रन और बनाने थे। ऐसे में गेंदबाजी करने फहीम अशरफ आए। तिलक 58 (48) और शिवम 28 (18) रन बनाकर नाबाद थे। फहीम अशरफ के इस ओवर में तिलक और शिवम ने स्कोर को 137 रन तक पहुंचाया लेकिन अंतिम गेंद पर छक्का जड़ने की कोशिश में शिवम दुबे बाउंड्री पर लपके गए। उन्होंने 33(22) रन बनाए।
तिलक ने दिलाई भारत को यादगार जीत
जीत के लिए ऐसे में भारतीय टीम को अंतिम ओवर में 10 रन बनाने थे। पाकिस्तान के लिए गेंदबाजी करने हारिस रऊफ आए। स्ट्राइक पर अर्धशतक जड़ चुके तिलक वर्मा थे। पहली गेंद पर तिलक ने 2 रन भागकर बनाए। दूसरी गेंद पर उन्होंने मिड विकेट की दिशा में छक्का जड़ दिया और एक रन लेकर स्कोर को बराबर करा दिया। जीत के लिए भारतीय टीम को अंतिम तीन गेंद पर एक रन बनाने थे ऐसे में रिंकू सिंह ने मिड ऑन की दिशा में चौका जड़कर टीम इंडिया को 5 विकेट से जीत दिला दी और टीम इंडिया को एशियाई चैंपियन बना दिया। तिलक वर्मा 53 गेंद में 69 रन बनाकर और रिंकू सिंह 4(1) रन बनाकर नाबाद रहे। पाकिस्तान के लिए सबसे सफल गेंदबाज फहीम अशरफ रहे उन्होंने तीन विकेट लिए। एक सफलता शाहीन अफरीदी को और एक अबरार अहमद को मिली।
तिलक वर्मा बने प्लेयर ऑफ द मैच
खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले तिलक वर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
