इंडियन प्रीमियर लीग के 17वें सीजन के 34वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट के बड़े अंतर से मात देकर सीजन में चौथी जीत दर्ज की। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने एमएस धोनी की 9 गेंद में 28 रन की आतिशी पारी की बदौलत 20 ओवर में 6 विकेट पर 176 रन का स्कोर खड़ा किया था। ऐसे में जीत के लिए मिले 177 रन के लक्ष्य को लखनऊ ने क्विंटन डिकॉक की 54(43) केएल राहुल की 82(53) रन की कप्तानी पारी की बदौलत 8 विकेट शेष रहते 19 ओवर में हासिल कर लिया। चेन्नई के गेंदबाज लखनऊ के बल्लेबाजों के सामना असहाय नजर आए।
लखनऊ सुपर जायंट्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, आईपीएल 2024 (साभार IPL/BCCI)
लखनऊ ने जीता टॉस:
लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।खराब रही चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत:
चेन्नई के लिए पारी की शुरुआत करने अजिंक्य रहाणे और रचिन रवींद्र की जोड़ी उतरी। लेकिन दूसरे ओवर की पहली गेंद पर रचिन रवींद्र को मोहसिन खान ने बोल्ड करके पवेलियन वापस भेज दिया। रचिन की नाकामी का सिलसिला एक बार फिर जारी रहा वो खाता खोले बगैर पवेलियन वापस लौट गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए कप्तान रुतुराज गायकवाड़ भी कमाल नहीं कर सके। 33 के स्कोर पर वो भी यश ठाकुर की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठे। रुतुराज ने 17(13) रन बनाए।
रहाणे-रुतुराज ने संभाली पारी
दो विकेट गंवाने के बाद अजिंक्य रहाणे और रुतुराज गायकवाड़ ने दो विकेट गंवाने का बाद पारी को संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को 5.5 ओवर में 50 रन के पार पहुंचा दिया। पॉवरप्ले में सीएसके ने 2 विकेट के नुकसान पर 51 रन बनाए। दोनों ने मिलकर स्कोर को 68 रन तक पहुंचाया। लेकिन नौवें ओवर की पहली गेंद पर क्रुणाल पांड्या ने रहाणे को बोल्ड करके लखनऊ को तीसरी सफलता दिलाई।
90 रन पर चेन्नई ने गंवाए पांच विकेट
रहाणे के आउट होने के बाद चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रवींद्र जडेजा ने मोर्चा संभाला। लेकिन दूसरे छोर से टीम को दो झटके जल्दी जल्दी लग गए। 12वें ओवर की पहली गेंद पर शिवम दुबे 3 रन बनाकर मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर कैच दे बैठे। इसके बाद इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में बल्लेबाजी करने आए समीर रिजवी को क्रुणाल पाड्या ने विकेट के पीछे केएल राहुल के हाथों कैच कराकर चेन्नई को पांचवां झटका दिया। रिजवी 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
जडेजा ने जड़ा अर्धशतक, मोईन के साथ संभाली पारी
पांच विकेट गंवाने के बाद एक छोर थामे खड़े जडेजा को मोईन अली का साथ मिला। दोनों ने मिलकर टीम को 14.2 ओवर में 100 रन के पार पहुंचा दिया। 15 ओवर में चेन्नई ने 105 रन बना लिए थे। ऐसे में रवींद्र जडेजा ने अपना अर्धशतक 34 गेंद में 5 चौके और एक छक्के की मदद से पूरा कर लिया। छठे विकेट के लिए मोईन और जडेजा ने तेजी से अर्धशतकीय साझेदारी भी 32 गेंद में पूरी कर ली। लेकिन 18वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मोईन अली 20 गेंद में 30 रन बनाकर रवि बिश्नोई की गेंद पर कैच दे बैठे।
इकाना में दिखा धोनी का धमाल
मोईन अली के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए एमएस धोनी ने एक बार फिर बल्ले से धमाल मचा दिया। धोनी ने 9 गेंद में 28 रन की आतिशी पारी खेलकर चेन्नई को 20 ओवर में 6 विकेट पर 176 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। धोनी जडेजा के बीच 13 गेंद में 35 रन की नाबाद साझेदारी हुई। जिसमें 28 रन धोनी ने बनाए।
राहुल-डिकॉक ने दी लखनऊ को धमाकेदार शुरुआत
जीत के लिए 177 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स को क्विंटन डिकॉक और केएल राहुल की जोड़ी ने आतिशी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में पचास रन जड़ दिए। पॉवरप्ले में लखनऊ ने बगैर किसी नुकसान के 54 रन बना लिए थे। दोनों ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया और 65 गेंद में पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी पूरी कर ली। शतकीय साझेदारी के दौरान राहुल ने 31 गेंद पर 5 चौके और 3 छक्के की मदद से अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद डिकॉक ने भी खराब फॉर्म से उबरते हुए 41 गेंद में 4 चौके और एक छक्के की मदद से अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।
पहले विकेट के लिए राहुल डिकॉक ने जोड़े 134 रन
केएल राहुल और डिकॉक के बीच पहले विकेट के लिए 134 रन की साझेदारी हुई। इस साझेदारी को मुस्तफिजुर रहमान ने 15वें ओवर की आखिरी गेंद पर तोड़ा। धोनी ने डिकॉक का कैच विकेट के पीछे पकड़ा। डिकॉक 54(43) रन बनाए। इसके बाद केएल राहुल भी 18वें ओवर की पहली गेंद पर पथिराना की गेंद पर रवींद्र जडेजा के हाथों प्वाइंट पर शानदार तरीके से लपके गए। राहुल ने 53 गेंद में 82 रन की पारी खेली। राहुल के आउट होने के बाद निकोलस पूरन ने मार्कस स्टोइनिस के साथ मिलकर 19 ओवर में 8 विकेट से टीम को जीत दिला दी।
