हरारे:भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को यहां तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय में जिम्बाब्वे को 23 रन से हराकर पांच मैच की श्रृंखला में 2-1 से बढ़त बनाने के बाद टीम के शानदार प्रयास की सराहना की। भारतीय सलामी बल्लेबाज गिल के 66 रन की बदौलत भारत ने चार विकेट पर 182 रन बनाये जिसके बाद टीम के गेंदबाजों ने मेजबान टीम को छह विकेट पर 159 रन पर रोक दिया।
शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल (साभार Zimbabwe Cricket)
रुक कर आ रही थी गेंद, हिट करना नहीं था आसान
गिल ने मैच के बाद कहा,'यह हमारे लिए महत्वपूर्ण मैच था और हमने जिस तरह से बल्लेबाजी और गेंदबाजी में शुरूआत की, वो शानदार रही।' भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दो विकेट पर 234 रन का विशाल स्कोर बनाया था। यह पूछने पर कि क्या तीसरे टी20 में वह 200 रन तक नहीं पहुंचने से निराश थे तो गिल ने कहा,'विकेट पर गेंद रुक-रुक कर आ रही थी जिससे लेंथ गेंद पर हिट करना आसान नहीं था।'
जीत में हर किसी ने दिया योगदान
गिल ने कहा,'हम लेंथ गेंद पर भी हिट करना चाहते थे। हम सभी जानते हैं कि अगर विकेट से मदद मिलती है तो यह गेंदबाजों के लिए ही होगी। पर जीत में हर किसी ने योगदान दिया, सलामी बल्लेबाजों से लेकर गेंदबाजों ने।'
बल्लेबाजी के लिए मददगार था विकेट
वाशिंगटन सुंदर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया जिन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर तीन विकेट झटके। उन्होंने कहा,'ईमानदारी से कहूं तो अच्छा लग रहा है। हर बार जब भी देश के लिए खेलत हूं तो शानदार लगता है। यह अच्छा विकेट था। पहले दो मैच में गेंदबाजों को काफी मदद मिली।'
खराब फील्डिंग की वजह से मिली हार
जिम्बाब्वे के कप्तान सिंकदर रजा ने क्षेत्ररक्षण में हुई चूक पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा,'मुझे लगता है कि इस बार भी क्षेत्ररक्षण खराब रहा। हमें अपने क्षेत्ररक्षण पर नाज है लेकिन आज यह खराब रहा। हमने करीब 20 रन अतिरिक्त दे दिये जिससे हम 23 रन से हार गये।'
