Parthiv Patel on Vaibhav Sooryavanshi: IPL 2026 का दूसरा क्वालीफायर गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच 29 मई को शाम साढ़े सात बजे से खेला जाना है। इस मुकाबले को लेकर काफी चर्चा हो रही है। जिस तरह एलिमिनेटर मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स के 15 साल के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के गेंदबाजों की जमकर पिटाई की और मात्र 29 गेंदों में 12 छक्के जड़ते हुए 97 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ हो रही है। उन्होंने अब तक कुल 680 रन बना लिए हैं और 242 के स्ट्राइक रेट से ऑरेंज कैप उनके पास है। जिसे देखो वही उनकी हगी बात कर रहा है।
वैभव सूर्यवंशी (IPL/BCCI)
वैभव सूर्यवंशी पर क्या बोले पार्थिव पटेल
अब क्वालीफायर-2 मुकाबले से पहले गुजरात के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर कुछ बातें कही हैं। पार्थिव पटेल ने कहा कि राजस्थान के पास वैभव और जोफ्रा आर्चर जैसे 'एक्स फैक्टर' खिलाड़ी हैं। गुजरात निरंतरता पर चलती है। उन्होंने कहा, "जब तक रिजल्ट मिल रहे हैं, हमें एक्स फैक्टर की टेंशन नहीं। बस सब कुछ सही करना है और मैच जीतना है।" वहीं पार्थिव ने वैभव को रोकने के प्लान पर कहा, "मैं कमेंटेटर नहीं हूं जो प्लान बता दूं। वो बहुत अच्छा खेल रहा है। उम्मीद है हम उसे जल्दी आउट कर लेंगे और अपना प्लान सही से लागू करेंगे।"
अपनी टीम पर क्या बोले पार्थिव
दरअसल, कई टीमों और एक्सपर्ट्स ने गुजरात टाइटन्स को 'अनुमान लगाने लायक' यानी प्रेडिक्टेबल टीम कहा है। लेकिन टीम के कोच पार्थिव पटेल ने इसका जवाब दिया है। पार्थिव ने कहा कि गुजरात 2022 में आईपीएल में आई थी और तब से लगातार अच्छा कर रही है। सिर्फ एक बार ही टीम प्लेऑफ में नहीं पहुंची। 2022 में पहले ही साल में टीम ने आईपीएल जीत लिया था। नतीजे सबके सामने हैं। गुजरात के टॉप 3 बल्लेबाज शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर हैं। ये तीनों अपने स्टाइल से खेलते हैं। बाकी टीमों के ओपनर इनसे ज्यादा तेज खेलते हैं। फिर भी गुजरात का तरीका काम कर रहा है।
सिराज और रबाडा पर भी उठे सवाल
बता दें कि लखनऊ के डायरेक्टर टॉम मूडी ने कहा था कि गुजरात के बॉलर सिराज और रबाडा तभी अच्छा करते हैं जब पिच मदद करे। इस पर पार्थिव बोले, "हम पॉइंट्स टेबल में दूसरे नंबर पर थे। दूसरी टीमें जो चाहे कहें। 6 टीमें तो क्वालीफाई ही नहीं कर पाईं। हमें पता है हम कैसा क्रिकेट खेलना चाहते हैं। हमें खुद पर भरोसा है। पहले हाफ में भी हम बहुत अच्छे नहीं थे, बस ठीक-ठाक थे। फिर भी हम अपनी प्रोसेस पर टिके रहे। हम जानते हैं हम क्या कर सकते हैं। कल भी वही करेंगे।"
