कप्तान शाइ होप के नाबाद 102 रन की मदद से वेस्टइंडीज ने दूसरे टी20 मैच में शुक्रवार को जीत के लिये रिकॉर्ड 250 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को छह विकेट से हराकर 5 मैचों की श्रृंखला 1-1 से बराबर कर ली। भारत के पांच विकेट पर 249 रन के जवाब में वेस्टइंडीज के लिये होप ने 45 गेंद में छह चौकों और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 102 रन बनाये । वहीं शेरफान रदरफोर्ड ने 37 गेंद में 84 रन बनाये जिसमें सात चौके और सात छक्के शामिल थे। इन दोनों पारियों की मदद से वेस्टइंडीज ने 18 . 3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत ने पहला मैच लखनऊ में आठ विकेट से जीता था।
शे होप (साभार-BCCI)
भारत के लिये संजू सैमसन 82 रन की आक्रामक पारी के साथ फॉर्म में लौटे जबकि श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने भी उपयोगी पारियां खेली ।लेकिन होप और रदरफोर्ड ने भारत के स्पिन आक्रमण की धज्जियां उड़ा दी। पहले टी20 में अर्धशतक जमाने वाले होप ने उसी लय को कायम रखते हुए शतक जड़ा । उन्होंने अक्षर पटेल को छक्का लगाकर दूसरा टी20 शतक पूरा किया और टीम को जीत तक पहुंचाया।
रदरफोर्ड ने उनका पूरा साथ दिया और सिर्फ 54 गेंद में 120 रन की साझेदारी की । रदरफोर्ड को 38 के स्कोर पर जीवनदान मिला था जब कुलदीप यादव की गेंद पर मयंक यादव ने उनका आसान कैच छोड़ा। इस जीवनदान का भारत को बड़ा खामियाजा भुगतना पड़ा। रोमारियो शेफर्ड ने आखिर में 13 गेंद में 34 रन बनाये।
इससे पहले पिछले चार मैचों में खराब प्रदर्शन के बाद सैमसन ने 21 गेंदों में अपना नौवां टी20 अर्धशतक जमाया। उन्होंने ईशान किशन (22 गेंदों में 43 रन) के साथ 97 रन की साझेदारी की। दोनों ने 11 ओवर के बाद 12 की रनरेट से भारत को एक विकेट पर 139 रन तक पहुंचाया । अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे ईशान ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के लगाये। आफ स्पिनर रोस्टन चेस ने इस साझेदारी को तोड़ा और लगातार दो विकेट लिये। ईशान और शिवम दुबे (सात) दोनों बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में बोल्ड हुए । दुबे को चौथे नंबर पर भेजने का फैसला गलत साबित हुआ और वह दस गेंद खेलकर विकेट गंवा बैठे।
सैमसन 15वें ओवर में आउट हुए और शतक से 18 रन से चूक गए । स्प्रिंगर की गेंद पर उन्होंने डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर कामिल पूरन को कैच दिया।
भारत ने बीच के ओवरों में 23 रन के भीतर तीन विकेट गंवाये । लखनऊ में पिछले मैच में अपना पहला टी20 शतक लगाने वाले कप्तान श्रेयस ने उस लय को कायम रखते हुए 18 गेंद में 40 रन बनाये जबकि तिलक ने 18 गेंद में 44 रन की पारी खेली। तिलक के टी20 क्रिकेट में 5000 रन भी पूरे हो गए । श्रेयस और तिलक ने 83 रन की साझेदारी 32 गेंद में पूरी की।
भारत ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर तेज शुरूआत की। अभिषेक शर्मा ने स्पिनर अकील हुसैन को एक छक्का लगाया जबकि सैमसन को क्रीज पर जमने में समय लगा। उन्हें छह रन के स्कोर पर जीवनदान भी मिला जब हुसैन की गेंद पर कवर में पूरन ने उनका कैच छोड़ा। सैमसन ने इसका पूरा फायदा उठाकर हुसैन को तीन छक्के और दो चौके जड़े । अभिषेक 12 गेंद में 20 रन बनाकर आउट हुए।
