India Champions vs Pakistan Champions: रद्द हुआ भारत-पाकिस्तान मुकाबला, भारतीय खिलाड़ियों ने किया था खेलने से इनकार

इंग्लैंड में आयोजित हो रहे वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2025 में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच आज खेला जाने वाला मुकाबला रद्द हो गया है। आयोजकों ने आधिकारिक तौर पर इसका ऐलान किया है।

लंदन: इंडिया चैंपियंस और पाकिस्तान चैंपियंस के बीच खेले जाने वाले मैच से भारत के कुछ पूर्व दिग्गज खिलाड़ियों ने अपना नाम वापस लेने के बाद आयोजकों ने मैच को रद्द करने का फैसला किया है। आयोजकों ने मैच को रद्द किए जाने के संबंध में आधिकारिक तौर पर बयान जारी किया है। भारत पाकिस्तान मैच का बायकॉट करने वाले खिलाड़ियों में शिखर धवन, हरभजन सिंह, सुरेश रैना और यूसुफ पठान और इरफान पठान के नाम शामिल थे। पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच रिश्तों में तल्खी में इजाफा हुआ और इस माहौल में भारत सरकार और आवाम पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध बनाए रखने की पक्षधर नहीं है। ऐसे में मैच में भाग ले रहे खिलाड़ियों को सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल किया जा रहा था और उनकी देश भक्ति पर सवाल उठाए जा रहे थे। ऐसे में बवाल को बढ़ता देख खिलाड़ियों को भी इस मुकाबले से दूरी बनाने का फैसला मैच की पूर्व संध्या पर करना पड़ा।

India vs Pakistan

भारत बनाम पाकिस्तान ( फोटो क्रेडिट WCL 2025 X)

लोगों को देना चाहते थे सुखद यादें

WCL ने मैच को रद्द किए जाने संबंधी आधिकारिक बयान में कहा, हम WCL में हमेशा क्रिकेट को बहुत प्यार और सम्मान देते आए हैं। हमारा एकमात्र उद्देश्य प्रशंसकों को कुछ अच्छे, सुखद पल देना रहा है। जब हमें यह समाचार मिला कि पाकिस्तान की हॉकी टीम इस साल भारत आ रही है, और हमने हाल ही में भारत बनाम पाकिस्तान वालीबॉल मैच और अन्य कुछ खेलों में दोनों देशों के बीच मुकाबले देखे, तो हमने सोचा कि WCL में भारत बनाम पाकिस्तान का मैच के आयोजन का कार्यक्रम बनाए रखा ताकि दुनियाभर के लोगों के लिए कुछ सुखद यादें बनाई जा सकें। लेकिन शायद इस प्रक्रिया में, हमने कई लोगों की भावनाओं को आहत कर दिया और भावनात्मक हलचल पैदा कर दी।

End of Feed