Womens BBL 2025: विमेंस बिग बैश लीग 2025 (WBBL) में मेलबर्न रेनेगेड्स ने अपने अभियान का जोरदार आगाज़ किया है। टीम ने रविवार को सीजन के पहले मुकाबले में ब्रिस्बेन हीट के खिलाफ डकवर्थ लुईस नियम (DLS) के आधार पर 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। यह मैच ब्रिस्बेन में खेला गया, जहां बारिश ने दोनों पारियों में अहम भूमिका निभाई।
ब्रिस्बेन हीट की धीमी शुरुआत और जेमिमा रोड्रिग्स का संक्षिप्त योगदान
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ब्रिस्बेन हीट की टीम निर्धारित 20 ओवरों में 133 रन ही बना सकी। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और चार्ली नॉट महज 4 रन बनाकर 15 रन पर पवेलियन लौट गईं। भारत की स्टार खिलाड़ी जेमिमा रोड्रिग्स (9 गेंदों में 6 रन) ने नादिन डी क्लार्क के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 38 रन जोड़कर पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन जेमिमा जल्दी आउट हो गईं। नादिन डी क्लार्क ने 38 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों की मदद से 40 रन की जुझारू पारी खेली। निचले क्रम में चिनेल हेनरी ने 29 रन का योगदान दिया।
वेयरहैम, फ्लिंटॉफ और कैप्सी का घातक स्पैल
मेलबर्न रेनेगेड्स की गेंदबाजों का प्रदर्शन बेहद प्रभावशाली रहा। टीम की ओर से टेस फ्लिंटॉफ, कप्तान जॉर्जिया वेयरहैम और एलिस कैप्सी तीनों ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट चटकाए, जिससे ब्रिस्बेन हीट की टीम बड़ा स्कोर नहीं बना सकी और 133 रन पर सिमट गई।
DLS से बदला लक्ष्य, वेयरहैम और वेब ने दिलाई जीत
ब्रिस्बेन हीट की पारी के बाद बारिश के कारण मेलबर्न रेनेगेड्स की पारी में कटौती की गई। डकवर्थ लुईस नियम के तहत रेनेगेड्स को 8 ओवरों में जीत के लिए 66 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए रेनेगेड्स ने महज 13 रन पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे, जिससे टीम संकट में आ गई थी।हालांकि, कप्तान जॉर्जिया वेयरहैम ने कोर्टनी वेब के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 33 गेंदों में 53 रन की अटूट साझेदारी करते हुए टीम को 3 गेंदें शेष रहते जीत दिला दी। कोर्टनी वेब 22 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 34 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि कप्तान जॉर्जिया वेयरहैम ने 13 गेंदों में 16 रन की नाबाद पारी खेली। ब्रिस्बेन हीट की ओर से सियाना जिंजर ने 2 और लूसी हैमिल्टन ने 1 विकेट हासिल किया।
आगे के मुकाबले
शानदार जीत के साथ लीग का आगाज़ करने वाली मेलबर्न रेनेगेड्स अब अपना अगला मुकाबला 11 नंवबर को सिडनी थंडर्स के खिलाफ खेलेगी, जिसके बाद 14 नवंबर को एडिलेड स्ट्राइकर्स के साथ टीम सीजन का अपना तीसरा मुकाबला खेलेगी।
